ePaper

दुष्कर्म व हत्या के आरोप में पीट पीटकर महिलाओं ने मार डाला

Updated at : 07 Oct 2024 1:09 AM (IST)
विज्ञापन
दुष्कर्म व हत्या के आरोप में पीट पीटकर महिलाओं ने मार डाला

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक जूनियर महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले के साथ ही दक्षिण 24 परगना के जयनगर में एक बच्ची की हत्या की घटना के बाद बवाल मचा हुआ है.

विज्ञापन

पटाशपुर में महिला की अस्वाभाविक मौत के बाद भड़के लोग

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समक्ष आक्रोशित भीड़ ने किया प्रदर्शन, काफी मशक्कत के बाद हालात नियंत्रित किया जा सका

संवाददाता, कोलकाता/हल्दिया

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक जूनियर महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले के साथ ही दक्षिण 24 परगना के जयनगर में एक बच्ची की हत्या की घटना के बाद बवाल मचा हुआ है. इस बीच, पूर्व मेदिनीपुर के पटाशपुर में खुकुरानी शीट (45) नाम की महिला की अस्वाभाविक मौत के बाद रविवार को ग्रामीण भड़क उठे. गांववालों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले सुखचांद माइति (42) नाम के व्यक्ति का एक महिला के साथ अवैध संबंध की बात पता चलने के कारण खुकुरानी से दुष्कर्म करने के बाद उसे जहर खिलाकर हत्या कर दी गयी. घटना को लेकर आक्रोशित स्थानीय महिलाओं व लोगों ने सुखचांद को उसके घर से अर्धनग्न हालत में ही बाहर निकालकर उसकी लाठी, बांस व डंडों जमकर पिटाई की. सूचना मिलते ही पटाशपुर व भूपतिनगर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों के समक्ष प्रदर्शन भी किया. इस दौरान पुलिसकर्मियों व लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. काफी मशक्कत के बाद पुलिस हालात को काबू कर पायी और गंभीर हालत में सुखचांद को एगरा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित दिया. घटना को लेकर इलाके में अभी भी तनाव व्याप्त है. वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती है. दोनों ही मामलों में शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

क्या है मामला : स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खुकुरानी का पति उत्तम शीट काम के सिलसिले में बाहर रहता है. वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पटाशपुर थाना क्षेत्र के भुवनमंगलपुर गांव में अस्थायी मकान बनाकर रहती थी. मृतका के परिजनों का कहना है कि खुकुरानी को पड़ोस में रहने वाले सुखचांद के एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात पता चल गयी थी. उसने इस मामले को लेकर विरोध भी जताया था. इस बाबत उसे कई बार धमकी मिली थी. इसी बीच, शनिवार की रात को खुकुरानी अर्धनग्न हालत में अचेत मिली. उसके मुंह से झाग भी निकल रहा था. उसे तमलुक स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार को तड़के उसकी मौत हो गयी. इधर, मृतका के बेटे बापी शीट ने आरोप लगाया कि उसे पता चला कि उसकी मां को जबरन घर से मुंह में कपड़ा ठूंसकर ले जाया गया था. इसका पता चलने के बाद जब वह वहां पहुंचा, तब घर के पास उसकी मां अचेत हालत में मिली. खुकुरानी की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे. रविवार को स्थानीय महिलाओं के नेतृत्व में लोगों ने सुखचांद को उसके घर से बाहर निकाला और जमकर पीटा. एक महिला की भी पिटाई की गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू कर पायी.

क्या कहना है पुलिस का

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि खुकुरानी को सुखचांद के एक महिला के साथ अवैध संबंध की बात पता चल गयी थी. यह आशंका जतायी गयी है कि आरोपी ने उससे मारपीट की और हत्या कर दी. हालांकि, यह जांच का विषय है. पुलिस के समक्ष दर्ज करायी गयी शिकायत में दुष्कर्म का आरोप नहीं लगाया गया है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. हालांकि, यह अभी जांच का विषय है कि महिला से दुष्कर्म हुआ था या नहीं. शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पायेगा. पूर्व मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक सौम्यदीप भट्टाचार्य ने कहा कि यह मामला काफी संवेदनशील और गंभीर है. महिला की मौत के अलावा एक व्यक्ति की सामूहिक पिटाई कर हत्या के मामले की भी तफ्तीश जारी है. दोनों ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. जांच के तहत कुछ लोगों से पूछताछ की गयी है. रविवार की शाम तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola