माध्यमिक परीक्षा के दौरान ओआइसी से मारपीट

Updated:
विज्ञापन
माध्यमिक परीक्षा के दौरान ओआइसी से मारपीट

घटना के बाद प्रशांत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

विज्ञापन

स्कूल प्रिंसिपल व शिक्षकों पर गंभीर आरोप

अजहापुर हाइस्कूल की घटना, सात शिक्षाकर्मी निलंबित

कोलकाता. माध्यमिक परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को पूर्व बर्दवान जिले के अजहापुर हाई स्कूल में गंभीर घटना सामने आयी. आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल, शिक्षाकर्मी और कुछ शिक्षकों ने मिलकर ड्यूटी पर तैनात ऑफिसर-इन-चार्ज (ओआइसी) प्रशांत कबीराज की पिटाई कर दी. घटना के बाद प्रशांत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. बोर्ड सूत्रों के अनुसार, इंग्लिश की परीक्षा समाप्त होने के समय स्कूल के ग्रुप-डी कर्मी संजीव दास का मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के भीतर बज उठा. उस समय स्कूल इंस्पेक्टर प्रशांत कबीराज ड्यूटी पर मौजूद थे. मोबाइल बजने पर उन्होंने संजीव दास से फोन जमा करने को कहा, लेकिन संजीव के इनकार के बाद विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद विवाद बढ़ते हुए हेडमास्टर के आवास तक पहुंच गया. उस समय कमरे में हेडमास्टर के अलावा वेन्यू सुपरवाइजर आशीष कुमार विश्वास, संस्कृत शिक्षक प्रदीप पंडित, बायोलॉजी शिक्षक संजीव टुडू, फिजियोलॉजी शिक्षक सिद्धार्थ बनर्जी, वोकेशनल एजुकेशन शिक्षक अरिंदम बाला, इंग्लिश विभाग के शिक्षक अतनु मुखर्जी और गणित शिक्षक आशीष दत्त मौजूद थे. आरोप है कि इन सभी ने मिलकर प्रशांत कबीराज की बुरी तरह पिटाई की. घटना की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज करायी गयी है. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष रामानुज गंगोपाध्याय ने कहा, “हमें घटना की शुरुआती रिपोर्ट मिल चुकी है. प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर सात लोगों को निलंबित करने का फैसला लिया गया है.” उन्होंने बताया कि मंगलवार के बाद शुक्रवार को इतिहास की परीक्षा निर्धारित है और यह सुनिश्चित किया जायेगा कि उस दिन संबंधित स्कूल में परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो.

बोर्ड की एक टीम अगले बुधवार को स्कूल का दौरा करेगी और जिला निरीक्षक से भी बातचीत करेगी. बोर्ड अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नॉर्थ कोलकाता और उत्तर 24 परगना के पांच स्कूलों में कुछ छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर गये थे, जिसके चलते उनके परीक्षा रद्द कर दिये गये. इसके अलावा 29 छात्रों ने अस्पताल से इंग्लिश की परीक्षा दी.

विज्ञापन
Ganesh Mahto

लेखक के बारे में

By Ganesh Mahto

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola