दुर्गा पूजा देखने गये 18 लोगों की मौत, कोलकाता भगदड़ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी ने शोक जताया
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दर्द से कराहती दुर्गा पूजा पंडाल में घायल हुई महिला. फोटो : एएनआई
कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 18 लोगों की मौत हो गयी. 24 लोग घायल हुए हैं. बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह जानकारी दी है. राष्ट्रपति, पीएम मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी सहित प्रमुख नेताओं ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है. डिटेल रिपोर्ट यहां पढ़ें.
Kolkata Durga Puja Stampede: कोलकाता में एक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी है. 24 घायल लोग घायल हैं. इनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह जानकारी दी है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने मृतकों के करीबी परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया. घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है. राज्य सरकार ने भगदड़ से संबंधित जानकारी देने के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन भी शुरू की है, जिसका नंबर 18003455678 है.
ममता, राहुल और खरगे ने शोक व्यक्त किया
हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत तमाम बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.

भीड़भाड़ वाले पंडालों को बंद करने की सलाह
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगदड़ वाली जगह को जांच के लिए फॉरेंसिक विभाग, पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और दमकल विभाग को सौंप दिया गया है. प्रशासन ने घटना के बाद भीड़भाड़ वाले कई दुर्गा पूजा आयोजनों को अस्थायी रूप से अपने पंडाल बंद करने की सलाह दी है. कोलकाता में दुर्गा पूजा के लिए करीब 3,500 पंडाल बनाये गये हैं.
राष्ट्रपति मुर्मू ने गहरा दुख जताया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोलकाता में भगदड़ के कारण लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जतायी. राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा- कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताया, पीएमओ ने किया मुआवजे का ऐलान
पीएम मोदी बोले- हादसा बेहद दुखद
मोदी बोले- कोलकाता में हुआ हादसा बेहद दुखद इससे पहले, प्रधानमंत्री ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा- कोलकाता में हुआ हादसा बेहद दुखद है. मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों. स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.
अमित शाह ने बंगाल के सभी कार्यक्रम स्थगित किये
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद रविवार को पश्चिम बंगाल में होने वाले अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिये हैं. वह रविवार को अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे. शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करके यह जानकारी दी.
मैं पश्चिम बंगाल में अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर रहा हूं, ताकि अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर सकूं. मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायल जल्द स्वस्थ हों. -अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री
कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भगदड़ में 17 लोगों की मौत पर शोक जताया और हादसे की निष्पक्ष जांच की की मांग की. कांग्रेस नेताओं ने पश्चिम बंगाल सरकार से आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा दें और हादसे की निष्पक्ष जांच करायें, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों. खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने की अपील भी की.
मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं : राहुल
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया- कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की खबर बेहद दुखद है. इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और घायल होने की सूचना है. मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले. राहुल ने कहा कि हादसे की निष्पक्ष जांच हो, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी फिर न हो.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में भगदड़, ममता बनर्जी बोलीं- मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा, कुणाल घोष ने सरकार पर बोला हमला
नबीन ने भगदड़ में लोगों की मौत पर जताया दुख
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट किया. इसमें उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दे रही है. उन्होंने आगे कहा- कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई जनहानि की दुखद घटना से मन अत्यंत व्यथित है. मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें.
ये भी पढ़ें: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 17 श्रद्धालुओं की मौत की आशंका, अस्पताल पहुंचे सीएम शुभेंदु अधिकारी
मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा : ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर से स्तब्ध हूं. मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है. मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं, और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस मिले.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए