त्रिपुरा में तृणमूल कार्यालय पर हमले के खिलाफ दर्ज करायी गयी प्राथमिकी

त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर हुए हमले के विरोध में पार्टी नेताओं ने गुरुवार ईस्ट अगरतला थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
त्रिपुरा के राज्यपाल से भी मामले में हस्तक्षेप व कार्रवाई की मांग की
संवाददाता, कोलकाता
त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर हुए हमले के विरोध में पार्टी नेताओं ने गुरुवार ईस्ट अगरतला थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. साथ ही मामले में त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी से हस्तक्षेप व कार्रवाई की मांग की. तृणमूल नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात का वक्त मांगा था, लेकिन उनके त्रिपुरा में मौजूद नहीं होने के कारण मुलाकात नहीं हो पायी. इस बाबत तृणमूल नेताओं ने राजभवन स्थित उनके कार्यालय में अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा.
तृणमूल नेताओं के प्रतिनिधिमंडल में पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के महासचिव कुणाल घोष, मंत्री बीरबाहा हांसदा, सांसद सायनी घोष, सांसद प्रतिमा मंडल, पार्टी प्रवक्ता सुदीप राहा और सांसद सुष्मिता देव शामिल थे. पत्रकारों से बातचीत में तृणमूल नेताओं ने अगरतला में पार्टी कार्यालय में हमले को लेकर कहा कि “त्रिपुरा में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और सत्तारूढ़ दल के समर्थक विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं.
हमने राज्यपाल कार्यालय पहुंचकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा है और राज्यपाल से अनुरोध किया कि इस हमले की निष्पक्ष जांच करायी जाये और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाये. ज्ञापन में कहा गया है कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं और राज्य प्रशासन को इसकी पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए.” तृणमूल नेताओं ने आरोप लगाया कि त्रिपुरा में विपक्षी दलों को निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है. उन्होंने कहा कि यह हमला केवल एक पार्टी कार्यालय पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र के मूल्यों पर हमला है.
अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे पूरे राज्य में आंदोलन तेज करेंगे. तृणमूल नेता घोष ने कहा, “हम राज्यपाल से अनुरोध करते हैं कि इस घटना का संज्ञान लें और प्रशासन को निर्देश दें कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाये. अगर प्रशासन निष्पक्ष रहता है तो सच्चाई सामने आयेगी.”
पार्टी ने यह भी बताया कि वह इस मामले को चुनाव आयोग के समक्ष भी रखेगी, ताकि चुनावी माहौल में हिंसा पर अंकुश लगाया जा सके.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




