ePaper

ममता बनर्जी पर भड़के देवेंद्र फडणवीस, बोले- बंगाल की CM कर रहीं ओछी राजनीति

Updated at : 29 Jan 2026 8:24 AM (IST)
विज्ञापन
ममता बनर्जी पर भड़के देवेंद्र फडणवीस, बोले- बंगाल की CM कर रहीं ओछी राजनीति

Mamata Banerjee: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार के निधन को राजनीतिक साजिश बताने वाली ममता बनर्जी की टिप्पणी को 'घृणित और निंदनीय' करार दिया है. फडणवीस ने कहा कि जब खुद शरद पवार इसे एक दुर्घटना मान चुके हैं, तब ऐसी बयानबाजी समाज में गलत संदेश देती है.

विज्ञापन

Mamata Banerjee: कोलकाता. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन को लेकर उठाये गये सवाल पर महाराष्ट्र में राजनीति बयानबाजी तेज हो गयी है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे की जांच कराने की मांग की थी. ममता बनर्जी की इस मांग का कांग्रेस और राजद समेत कई दलों ने समर्थन किया है. इस पूरे प्रकरण पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रतिक्रिया दी है. दोनों नेताओं ने ममता बनर्जी के बयान की कड़ी आलोचना की है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह बेहद दुख की बात है कि किसी की मौत पर इस तरह की राजनीति की जा रही है. उन्होंने याद दिलाया कि वरिष्ठ नेता शरद पवार स्वयं स्पष्ट कर चुके हैं कि यह एक हादसा था, जिसमें दुखद रूप से जानें गईं. इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.

ऐसी राजनीति का यह वक्त नहीं

फडणवीस ने आगे कहा- किसी के निधन पर गंदी और घृणित राजनीति करना बेहद दुखद है. ममता दीदी का इस स्तर तक गिरना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गलत है. महाराष्ट्र के एक प्रिय और सम्मानित नेता के निधन को इस तरह राजनीतिक रंग देना पूरी तरह अनुचित है. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी ममता बनर्जी के बयान को गलत ठहराया. उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटनाओं के समय राजनीति करना उचित नहीं है. शिंदे ने कहा- इस हादसे को लेकर साजिश के संकेत देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. शिंदे ने आगे कहा कि पूरा महाराष्ट्र शोक में डूबा हुआ है और अंतिम दर्शन के दौरान हजारों-लाखों लोग अजित दादा, अजित दादा के नारे लगाते नजर आए. ऐसे समय में आरोप लगाना न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे महाराष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है. उन्होंने कहा कि राजनीति के लिए और भी कई मौके होते हैं, लेकिन शोक की घड़ी में इस तरह के बयान बिल्कुल गलत हैं.

मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए: शरद पवार

भतीजे अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत के बाद शरद पवार ने इस हादसे पर साफ कहा है कि यह केवल एक दुर्घटना थी, इसमें कोई साजिश नहीं है. इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह परिवार और राज्य के लिए गहरा आघात है. पूरे परिवार और राज्य के लिए यह अपूरणीय क्षति है. यह सिर्फ एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था. उन्होंने सभी से अपील की कि इस हादसे को राजनीतिक रंग न दिया जाए. इस समय परिवार और प्रियजनों का समर्थन करना सबसे जरूरी है.

ममता ने हादसे पर उठाया था सवाल

बुधवार की सुबह अजित पवार की मृत्यु की खबर सुनकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्तब्ध रह गईं. इस दौरान उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि इस देश में राजनीतिक दलों के नेताओं के लिए भी कोई सुरक्षा नहीं है. आज सत्तारूढ़ वर्ग का हिस्सा रहे लोग भी सुरक्षित नहीं दिखते. आगे उन्होंने कहा कि मामले की जांच तो होनी चाहिए, क्योंकि ऐसा हादसा हुआ है. सभी नेता विमान से जाते हैं, कॉरपोरेट के लोग भी जाते हैं. यह छोटा विमान था, ऐसा क्यों हुआ, इसकी जांच तो होनी चाहिए.

Also Read: अजीत पवार की मौत पर ममता बनर्जी ने जताया शोक, कहा- हादसे की जांच होनी चाहिए

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola