कोलकाता : कोलकाता के नये मेयर बने फिरहाद हकीम, कांग्रेस व मोर्चा ने मतदान का किया बहिष्कार
Updated at : 04 Dec 2018 3:55 AM (IST)
विज्ञापन

फिरहाद को मिले 121 वोट भाजपा प्रत्याशी मीना देवी पुरोहित को मिले मात्र पांच वोट कोलकाता : राज्य के शहरी विकास व दमकल मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम कोलकाता नगर निगम के नये मेयर निर्वाचित हो गये हैं. श्री हकीम को 121 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार भाजपा की पार्षद मीनादेवी पुरोहित को मात्र […]
विज्ञापन
- फिरहाद को मिले 121 वोट
- भाजपा प्रत्याशी मीना देवी पुरोहित को मिले मात्र पांच वोट
कोलकाता : राज्य के शहरी विकास व दमकल मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम कोलकाता नगर निगम के नये मेयर निर्वाचित हो गये हैं. श्री हकीम को 121 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार भाजपा की पार्षद मीनादेवी पुरोहित को मात्र पांच वोट मिले. सोमवार को दोपहर एक बजे से मेयर पद के लिए कोलकाता नगर निगम मुख्यालय में मतदान शुरू हुआ था.
तृणमूल कांग्रेस की 63 नंबर वार्ड की पार्षद सुष्मिता भट्टाचार्य को छोड़ कर पूर्व मेयर शोभन चटर्जी सहित तृणमूल कांग्रेस के सभी 121 पार्षदों ने श्री हकीम के पक्ष में वोट दिया. श्रीमती भट्टाचार्य अस्वस्थ हैं तथा चेन्नई में चिकित्साधीन हैं. मतदान का वाममोर्चा व कांग्रेस के पार्षदों ने बहिष्कार किया था और मतदान में हिस्सा नहीं लिया.
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मतभेद होने के बाद पूर्व मेयर शोभन चटर्जी ने पहले दमकल व आवासन विभाग के मंत्री पद से इस्तीफा दिया था. उसके बाद सुश्री बनर्जी के निर्देश पर उन्होंने मेयर पद से भी इस्तीफा दे दिया था. उसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फिरहाद हकीम को मेयर तथा अतिन घोष को उपमेयर बनाने की घोषणा की थी.
हालांकि श्री हकीम फिलहाल पार्षद नहीं हैैं, लेकिन उन्हें मेयर पद पर आसीन कराने के लिए विधानसभा में कोलकाता नगर निगम अधिनियम में संशोधन किया गया था. उस संशोधन के अनुसार विधानसभा व लोकसभा की तरह ही कोई भी कोलकाता का मेयर बन सकता है तथा छह माह के अंदर उन्हें निर्वाचित होना होगा. विधानसभा में पास हुए विधेयक की हाईकोर्ट में चुनौती दी गयी थी, लेकिन हाई कोर्ट ने मेयर पद के चुनाव पर स्थगनादेश से इनकार कर दिया था.
प्रदूषण को हटाना है, पेड़ों को बढ़ाना है : मेयर
अर्बन फॉरेस्टेशन के तहत वृक्षारोपण पर मिलेगा संपत्ति कर में छूट
जनशिकायत के लिए जारी हुआ व्हाट्सऐप नंबर 9830037496
केलकाता. महानगर में बढ़ते प्रदूषण को कम करने और धरती को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने के लिए नवनिवार्चित मेयर ने अर्बन फॉरेस्टेशन के लिए लोगों से वृक्षारोपण करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि पेड़ व पौधे वातावरण में फैलने वाले प्रदूषण को न सिर्फ रोकने में ही सहायक होते, बल्कि इसके पत्ते प्रदूषण को अवशोषित करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं. ऐसे कई पौधे हैं, जो घरों में गमलों में रह कर भी वातावरण के प्रदूषण को अपने अंदर अवशोषित कर ऑक्सीजन में बदल देते हैं.
इसलिए जरूरी है कि सभी नगरवासी अर्बन फॉरेस्टेशन से जुड़ कर अपने घरों और आस-पास पेड़ लगायें. उन्होंने कहा कि आवास के जिस हिस्से में वृक्षारोपण किया जायेगा, उस हिस्से के संपत्ति कर में निगम 90 फीसदी की छूट देगी. इसके साथ ही उन्होंने जलजमाव तथा जलापूर्ति की समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया.
हकीम ने कहा कि यादवपुर व टॉलीगंज में पेयजल की समस्या है, जिसका समाधान भी जल्द ही किया जायेगा. वहीं बेहला इलाके में बारिश के दौरान अब जलजमाव ना हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जायेगा.
जारी किया व्हाट्सएेप नंबर :मेयर की कुर्सी संभालते ही फिरहाद हकीम ने आम जन को प्रशासन में भागीदार बनाने के लिए व्हाट्सऐप नंबर -9830037496 जारी किया है. मेयर ने कहा कि जनता को सहूलियत प्रदान करना निगम की पहली प्राथमिकता है. इसलिए जनभागीदारी आवश्यक है. आम जन अपनी शिकायतें, साफ-सफाई से संबंधित समस्या, जलजमाव आदि शहर के रखरखाव से जुड़ी बातों व सुझाव को निःसंकोच भेज सकते हैं. हमारी ओर से त्वरित कार्रवाई करने की कोशिश की जायेगी.
विभागों की समस्याओं के लिए 20 प्वॉइंट योजना : मेयर ने कहा कि निगम के विभिन्न परिसेवा और विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए 20 प्वॉयंट योजना को चालू किया जायेगा. जटिल समस्याओं का इस योजना के तहत निपटारा किया जायेगा. फिरहाद ने कहा, पूर्व मेयर शोभन के अनुभव से मैं जरूर लाभ लूंगा. मेरे अल्पसंख्यक समुदाय का पहला मेयर होने से बड़ी सारी आशंकाएं उठ रही हैं. मेरे लिए धर्म नहीं कर्म प्रधान है.
चेयरपर्सन माला राय ने मेयर को दिलायी शपथ
निगम की चेयरपर्सन माला राय ने कोलकाता के नये मेयर शोभन चटर्जी को शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह में वाममोरचा के पार्षदों ने हिस्सा नहीं लिया. बैलेट पेपर के जरिए यह चुनाव कराया गया. फिराहाद के अधिवेशन कक्ष में प्रवेश करने के बाद निगम के सचिव हरीहर प्रसाद मंडल ने दोबारा चुनाव के नतिजों की घोषणा की.
फिरहाद ने मेयर के पद पर शपथ लेने के बाद डिप्टी मेयर अतिन घोष के मेयर इन काउंसिल के अन्य सदस्यों को शपथ दिलाई. बता दे कि नये मेयर के नयी टीम में वैश्वानर चट्टोपाध्याय नया चेहरा है. जबकि पूर्व बोर्ड के अन्य सभी पार्षदों को इस टीम में जगह दी गई है. मेयर फिरहाद हकीम अपह्रान 3.39 बजे शपथ ली. जबकि सदन में शपथ ग्रहण की प्रक्रिया दोपहर के 3.56 बजे तक चली. इसके बाद सदन की कार्रवाही संपन्न हुई. शपथ ग्रहण समारोह से भी वाममोरचा के पार्षदों ने दूरी बनाये रखे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




