Uttarakhand Ka Mausam: उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, नैनीताल-चंपावत और देहरादून समेत 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी, फोटो- पीटीआई
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, देहरादून समेत 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदियों के उफान पर आने का खतरा है.
Uttarakhand Ka Mausam: उत्तराखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. शुक्रवार (4 सितंबर)को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र के मुताबिक, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश के दौर की भी आशंका है.पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है.
आसमान में गरजेंगे बादल, बिजली गिरने का भी खतरा
राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश के दौरान तेज गर्जना और बिजली चमकने की संभावना है. कुछ जगहों पर कम समय में तेज बौछारें पड़ सकती हैं. ऐसे में खुली जगहों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. अगर आप घर के अंदर हैं, तो खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें.
पहाड़ों में भूस्खलन ने बढ़ाई परेशानी
लगातार बारिश के कारण उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. चमोली और उत्तरकाशी समेत कई पहाड़ी इलाकों में बारिश के बाद मलबा आने से सड़कें और हाईवे प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है. बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों पर सफर करना जोखिम भरा हो सकता है.
नदियां और बरसाती नाले उफान पर
बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ सकता है. निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की भी संभावना है. प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है.
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने को कहा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों से मौसम की स्थिति पर नज़र रखने की अपील की गई है. खासकर पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वाले पर्यटकों को बारिश के दौरान ज्यादा सावधानी बरतने की ज़रूरत है. खराब मौसम में बेवजह यात्रा से बचना और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करना सुरक्षित रहेगा.
ये भी पढ़ें: ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, स्पेशल ट्रेन के बढ़े 7 फेरे; 14 अक्टूबर से फिर दौड़ेगी ट्रेन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए