UP की नदियां उफान पर, बारातियों की बोलेरो नाले में बही, प्रदेश के 33 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
उफनते नाले में बही बारातियों की बोलेरो, बाल-बाल बची जान

उफनते नाले में बही बारातियों की बोलेरो, बाल-बाल बची जान

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. नदियां उफान पर हैं और कहीं-कहीं जलभराव से जानलेवा हादसे भी हो रहे हैं. मौसम विभाग ने 33 जिलों में अलर्ट जारी किया है.

विज्ञापन

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है. शनिवार देर रात गोरखपुर, गोंडा, बहराइच, देवरिया समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि रविवार सुबह लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी सहित अधिकांश शहरों में बादल छाए रहे. मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वांचल और तराई के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 64 शहरों में औसतन 10.3 मिमी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 63.8 मिमी बारिश सुल्तानपुर और 62.5 मिमी बाराबंकी में रिकॉर्ड की गई.

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, बलिया और गाजीपुर में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अंबेडकरनगर और आजमगढ़ में भारी बारिश की संभावना है. लखीमपुर खीरी, अयोध्या और सुल्तानपुर में हल्की बारिश, जबकि सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र में बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं.

कई शहरों में मौसम का बदला मिजाज

गोरखपुर में रविवार सुबह से बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश की संभावना जताई गई. बहराइच में शनिवार देर रात तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई, जबकि गोंडा में रात से सुबह तक लगातार चार घंटे बारिश दर्ज की गई. दूसरी ओर आगरा, बरेली और वाराणसी में मौसम साफ रहने के बावजूद उमस और गर्मी बढ़ने का अनुमान है. वहीं लखनऊ में पिछले 24 घंटों में 20.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से अधिक रही.

उफनते नाले में बही बारातियों की बोलेरो, बाल-बाल बची जान

महोबा के खन्ना थाना क्षेत्र के सिरसीकला गांव के पास शनिवार देर रात बांदा जा रही बारात की बोलेरो उफनते श्यामा नाले में बह गई. वाहन में दूल्हे के पिता समेत छह बाराती सवार थे. चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने नाले में छलांग लगाई और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते राहत मिलने से बड़ा हादसा टल गया.

मेरठ में जलभराव बना जानलेवा, तांगा चालक और घोड़े की मौत

मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित बजौट रेलवे अंडरपास में करीब 10 फीट पानी भर जाने से दर्दनाक हादसा हो गया. तांगा लेकर गुजर रहे राकेश (60) गहरे पानी में फंस गए और घोड़े समेत डूब गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. इसी अंडरपास में जलभराव के कारण एक कार भी फंस गई, जिसमें सवार दो युवकों को पुलिस ने रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला.

नदियां उफान पर, मौसम वैज्ञानिक ने दी यह जानकारी

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. प्रयागराज में गंगा का पानी बढ़ने लगा है, जबकि बिजनौर में मालन नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक फिलहाल मानसून कुछ समय के लिए कमजोर पड़ सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेशमें अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां कम रहने और तेज धूप व उमस बढ़ने की संभावना है. हालांकि बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम बनने के बाद फिर से बारिश तेज हो सकती है.

-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट

Read Also- यूपी में आज 35 करोड़ लगेंगे पौधे, CM योगी ने किया शुभारंभ


विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola