'हथेली गरम और पुलिस नरम', अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- 'कहीं साझेदारी तो नहीं?'
अखिलेश यादव ( क्रेडिट सोशल मीडिया)
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने भ्रष्टाचार, ठेकेदारों के भुगतान और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के कामकाज में हर तरफ लूट दिखाई दे रही है. जानिए उन्होंने क्या आरोप लगाए हैं.
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है. एक वीडियो बयान में उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार, ठेकेदारों के भुगतान, पुलिस व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज में हर तरफ लूट दिखाई दे रही है और जनता इन मुद्दों को देख रही है.
ठेकेदारों के भुगतान और पार्किंग की कमाई का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने ठेकेदारों के भुगतान को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली सरकार होगी जो ठेकेदारों का भुगतान करने के बाद उसे बेच रही है. उन्होंने पार्किंग, कैफे-रेस्टोरेंट, क्लब और कन्वेंशन सेंटर से होने वाली संभावित कमाई का जिक्र करते हुए कहा कि जिस कीमत पर इसे बेचा गया है, उतनी रकम पार्किंग से ही कमाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि अगर पार्किंग से 600 रुपये भी मिलें तो इससे होने वाली कमाई का हिसाब लगाया जा सकता है.
आर्किटेक्ट और 3000 करोड़ के काम का भी उठाया मुद्दा
सपा प्रमुख ने अपने बयान में एक इंजीनियर और मंत्री का जिक्र करते हुए हेलीपैड और पार्किंग को लेकर पहले की गई टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस आर्किटेक्ट की जांच की बात कही जा रही थी, उसी को दिल्ली में बन रहे रेलवे स्टेशन के लिए 3000 करोड़ रुपये का काम दे दिया गया. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार का हर काम जेब भरने वाला है और तहसील में भी लूट मची हुई है.
'हथेली गरम और पुलिस नरम', अपराध को लेकर सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “हथेली गरम और पुलिस नरम.” उन्होंने बुंदेलखंड से आए लोगों, गुर्जर समाज के नेता भाटी, पीडीए समाज के नेता और मोहित जाट का जिक्र करते हुए पुलिस कप्तान के व्यवहार पर सवाल उठाया. उन्होंने दूसरे प्रदेश के माफिया द्वारा यूपी में आकर गोली चलाने और एक मामले में 18 गोलियां चलाए जाने का जिक्र करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने सवाल किया कि अगर किसी तरह की साझेदारी नहीं है तो पर्दादारी क्यों हो रही है.
न्याय की मांग को लेकर सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि संबंधित मामले में पिता, पत्नी और भाई न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार को इसकी परवाह नहीं है. उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग बुलडोजर और एनकाउंटर की बात करते हैं, उनके रहते दूसरे प्रदेश के अपराधियों का आकर यहां वारदात करना सवाल खड़ा करता है. अंत में उन्होंने कहा कि “इस बार नहीं बचेंगे लोग” और दावा किया कि जनता इंतजार कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए