UP में भारी बारिश के बीच प्रशासन का फैसला, प्रदेश के कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश
UP News: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कई जिलों में प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. यह निर्णय मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लिया गया है.
UP News: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. गाजियाबाद, रायबरेली, संभल, बदायूं और उत्तराखंड के उत्तरकाशी में जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है. मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी के बाद यह फैसला लिया गया है.
बारिश से जनजीवन प्रभावित, प्रशासन अलर्ट
उत्तर भारत में मानसून सक्रिय होने के बाद उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. अधिकारियों ने अभिभावकों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है. बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) ने जिलाधिकारियों के निर्देश पर देर रात और सुबह अवकाश संबंधी आदेश जारी किए. यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित सभी सरकारी, निजी और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा.
यूपी के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि बारिश के दौरान सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ जाती है. ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है.
रायबरेली में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल बंद
रायबरेली में सुबह से ही मौसम खराब रहा और तेज बारिश शुरू हो गई. लगातार बारिश और जलभराव की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, निजी और मान्यता प्राप्त स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया. प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है.
गाजियाबाद में ऑरेंज अलर्ट, 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी
गाजियाबाद में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके बाद जिला प्रशासन ने 10 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया. भारी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड स्कूलों को आदेश का पालन करना होगा. उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
संभल और बदायूं में भी स्कूलों की छुट्टी
संभल में लगातार दूसरे दिन हो रही बारिश के कारण आज स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है. वहीं बदायूं में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी के बाद प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में 10 और 11 जुलाई, दोनों दिन अवकाश घोषित किया है. जिले में जलभराव की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है.
उत्तरकाशी में भी बंद रहेंगे सभी स्कूल
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भी लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की है. पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं और कई मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिससे छात्रों के लिए स्कूल आना-जाना जोखिम भरा हो सकता है.
स्कूल जाने से पहले छुट्टी की स्थिति जरूर जांचें
प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि अगले दिन स्कूल जाने से पहले संबंधित जिला प्रशासन या स्कूल की ओर से जारी अवकाश संबंधी सूचना जरूर जांच लें, क्योंकि मौसम की स्थिति को देखते हुए आदेशों में बदलाव संभव है.
-लक्की कुमारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










