बारिश के बीच ढही कच्चे मकान की छत, मुजफ्फरनगर में पिता और 4 बच्चों की दर्दनाक मौत

Updated:
विज्ञापन

बारिश के बीच ढही कच्चे मकान की छत

UP News: मुजफ्फरनगर में लगातार बारिश ने कहर बरपाया. रविवार रात फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में कच्चा मकान ढह गया, जिससे पिता और उनके चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

UP News: मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में कच्चा मकान अचानक ढह जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 60 वर्षीय इस्लामुद्दीन और उनके चार बच्चे शामिल हैं, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया.

विज्ञापन

मकान गिरते ही मलबे में दब गए परिवार के सदस्य

हादसा रविवार रात करीब नौ बजे हुआ. इस्लामुद्दीन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और मिट्टी, ईंट तथा कच्ची छत वाले मकान में रहते थे. घटना के समय घर के अंदर इस्लामुद्दीन के साथ उनकी बेटियां रुखसार (10), रुकईया (8), समईया (7), अलसीबा (4), बेटे अहद (5) और जीशान (1) मौजूद थे, जबकि उनकी पत्नी और परिवार के दो अन्य सदस्य बाहर थे. अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई और अंदर मौजूद सभी सात लोग मलबे में दब गए.

ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान

मकान गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटवाया. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इस्लामुद्दीन, रुखसार, अलसीबा, अहद और जीशान को मृत घोषित कर दिया. रुकईया और समईया का इलाज जारी है.

बारिश से कमजोर हो गया था कच्चा मकान

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें और कच्ची छत कमजोर हो गई थीं. इसी वजह से मकान अचानक ढह गया. हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए.

मृतकों के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

एसएसपी संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे के समय परिवार के 10 सदस्यों में से तीन लोग घर के बाहर थे, जबकि सात लोग अंदर मौजूद थे. इनमें से पांच की इलाज के दौरान मौत हो गई. घायल दोनों बच्चियों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. प्रशासन ने ग्राम प्रधान को जर्जर और जोखिम वाले मकानों की पहचान कर उनमें रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

घायलों का हाल जानने पहुंचे राज्य मंत्री

उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चियों का हालचाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया.

Must Read- अयोध्या के निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेन्द्र दास पद से हटाए गए, जानिए अब किसे मिली कमान


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola