भाषण देते-देते रवि किशन ने ऐसा क्या कह दिया कि मंच पर हंस पड़े सीएम योगी? VIDEO वायरल

Updated:
विज्ञापन

रवि किशन की बात पर हंस पड़े सीएम योगी आदित्यनाथ

UP News: गोरखपुर में विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद रवि किशन ने अपने मजाकिया अंदाज़ से मंच पर समा बांध दिया. उनके बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन शुक्ला के एक बयान ने मंच का माहौल हल्का-फुल्का कर दिया. गोरखपुर के विकास का जिक्र करते हुए रवि किशन ने भोजपुरी अंदाज में शहर की तुलना स्पेन से की और कहा, “मुझे लगता है, तुम अंधे हो तो हम क्या करें?” उनकी इस बात पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हंस पड़े. कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

रवि किशन ने गोरखपुर के विकास का किया जिक्र

सांसद रवि किशन ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार सुरक्षा, विकास और रोजगार के साथ लोगों को सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच बिना भेदभाव समाज के हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है. उन्होंने लोगों से बदलते गोरखपुर और उत्तर प्रदेश की तस्वीर नई पीढ़ी को दिखाने का आह्वान किया.

‘यही होता है रामराज्य’

रवि किशन ने कहा कि जो लोगों के दुख दूर करे, वही प्रधान, प्रधान सेवक, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री है. उन्होंने कहा कि यही रामराज्य है, जहां आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति की पहले सुनी जाए और उसे योजनाओं का लाभ मिले. उन्होंने दावा किया कि सरकार गरीबों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में काम कर रही है. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता गुंडे-माफिया और जमीन पर कब्जे की राजनीति नहीं चाहती.

रवि किशन और संजय निषाद की दोस्ती पर सीएम ने ली चुटकी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की दोस्ती को लेकर भी चुटकी ली. उन्होंने दोनों नेताओं के पहनावे, खान-पान और रामगढ़ताल क्षेत्र में बने मकानों का जिक्र किया. सीएम ने मजाकिया अंदाज में कहा कि दोनों की मित्रता अब साथ रहने, साथ खाने और साथ शूटिंग करने तक पहुंच गई है. उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए. उन्होंने रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा का भी जिक्र किया.

170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बशारतपुर में कल्याण मंडपम समेत नगर निगम और जीडीए की 130.73 करोड़ रुपये की 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार होने पर ही अच्छे काम आगे बढ़ते हैं और ऐसी सरकार युवाओं, बेटियों और महिलाओं के भविष्य के बारे में सोचती है. मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. अगले एक साल में एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की बात कही गई.

हर जिले में बनेगा स्किलिंग जोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश के हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाया जा रहा है. यहां युवाओं को उनकी स्किल के आधार पर रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी. सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.

Must Read: पूर्वांचल को जोड़ेगा UP का विंध्य एक्सप्रेसवे, 45 गांव चिह्नित, 6 हजार किसानों से सहमति के आधार पर होगा बैनामा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola