7 महीने पहले हुई थी शादी, फिर पति ने पत्नी को जंजीरों में क्यों जकड़ा? आखिर ऐसा क्या हुआ कि ससुराल वालों को दे दी बेटी की मौत की खबर?
पत्नी ने दी आत्महत्या की धमकी तो पति ने जंजीरों से बांधा
मैनपुरी में सात महीने पुरानी शादी में सनसनीखेज घटना घटी. पत्नी ने जान देने की धमकी दी तो पति ने जंजीरों में जकड़ दिया। जानिए पूरा विवाद.
UP Crime News: मैनपुरी में घरेलू विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. शादी के महज सात महीने बाद पति-पत्नी के बीच रिश्तों में ऐसी कड़वाहट आई कि मामला थाने तक पहुंच गया. पत्नी ने गुस्से में आत्महत्या करने की धमकी दी तो पति घबरा गया. उसने पत्नी को लोहे की जंजीरों से बांध दिया. इतना ही नहीं, उसने ससुराल वालों को फोन कर बेटी की मौत की झूठी खबर भी सुना दी. जब मायके वाले बदहवास हालत में पहुंचे, तो बेटी को जिंदा और जंजीरों में जकड़ा देख उनके होश उड़ गए.
सात महीने पहले हुई थी शादी, फिर शुरू हुआ विवाद
मामला मैनपुरी जिले के घिरोर क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के सौरिख थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी करीब सात महीने पहले घिरोर क्षेत्र के एक युवक से हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ सामान्य रहा. लेकिन कुछ समय बाद छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने लगा. धीरे-धीरे पति-पत्नी के बीच तनाव बढ़ता गया और घरेलू कलह गंभीर हो गई.
आत्महत्या की धमकी से घबराया पति, जंजीर से बांधा
शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया. कहासुनी इतनी बढ़ी कि पत्नी ने गुस्से में फंदा लगाकर जान देने की धमकी दे दी. इससे पति घबरा गया. उसने घर में रखी लोहे की जंजीर से पत्नी को बांध दिया. इसके बाद उसने ससुराल वालों को फोन किया और बताया कि उनकी बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है. बेटी की मौत की खबर सुनते ही मायके में चीख-पुकार मच गई.
बेटी को जिंदा देख उड़े परिजनों के होश, थाने पहुंचा मामला
रविवार को रोते-बिलखते मायके वाले घिरोर पहुंचे. वहां उन्होंने बेटी को जीवित और जंजीरों में बंधा देखा तो हैरान रह गए. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जंजीर से मुक्त कराया. इसके बाद मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच कई घंटे तक बातचीत और पंचायत चली. आखिरकार आपसी समझौते के बाद मायके वाले महिला को अपने साथ ले गए.
पुलिस का क्या है कहना?
सीओ कुरावली सच्चिदानंद के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद महिला के परिजन भी मौके पर पहुंचे थे. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है. मायके वाले महिला को अपने साथ ले गए हैं. हालांकि, सीओ ने जंजीर से बांधने की बात को सही नहीं बताया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
