UP Crime: बलिया में युवक को पेट में मारी गोली, हालत नाजुक, घटना की जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस

बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाइक सवार युवक को गोली मार दी गई. घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

UP Crime News: बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक से जा रहे एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी. वारदात बैरिया थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ (रानीगंज) के पास करीब शाम 7:30 बजे हुई. गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया. घायल युवक की पहचान रेवती थाना क्षेत्र के झड़कटहा गांव निवासी अंगद सिंह उर्फ विकास (27) पुत्र बृजेश सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता और थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.

दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है. वहीं, मुख्य आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह है.

डॉक्टर बोले- हालत गंभीर, बीएचयू किया गया रेफर

जिला अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ. दानिश ने बताया कि युवक के पेट में गोली लगी है. उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया है.

तहरीर के आधार पर दर्ज होगा मुकदमा

क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि कोटवा मोड़, रानीगंज के पास अंगद सिंह को गोली मार दी गई है. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में बढ़ाई गई पुलिस निगरानी

घटना के बाद बैरिया और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके. वहीं, परिजन घायल युवक के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: UP News: गंगा के बढ़ते कटान से सहमा बलिया, निपनिया में नदी का कहर जारी, ग्रामीणों में दहशत


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola