युपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटर कंपार्टमेंट परीक्षा की प्रायोगिक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, 16-17 जुलाई को होंगे एग्जाम
परीक्षा का सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा 2026 की प्रायोगिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. पात्र विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 16 और 17 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएंगी.
UP Board Compartment Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP), प्रयागराज ने हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा-2026 की प्रायोगिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, प्रदेशभर में पात्र विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 16 और 17 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएंगी. इसके लिए संबंधित विद्यालयों को परीक्षा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न कराने को कहा गया है. बोर्ड का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराना है, ताकि सभी परीक्षार्थियों को समान अवसर मिल सके.
हाईस्कूल के छात्रों का विद्यालय में होगा आंतरिक मूल्यांकन
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का आंतरिक मूल्यांकन उनके संबंधित विद्यालयों में ही कराया जाएगा. इस प्रक्रिया की जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी. उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि मूल्यांकन बोर्ड द्वारा तय मानकों और नियमों के अनुरूप ही किया जाए. इससे विद्यार्थियों के परिणाम पर किसी तरह का प्रभाव नहीं पड़ेगा और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बनी रहेगी.
इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए अंतिम मौका
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए यह प्रायोगिक परीक्षा अंतिम अवसर होगी. इसके बाद इस सत्र के लिए अलग से दोबारा प्रयोगात्मक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. ऐसे में जिन छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा देनी है, उन्हें निर्धारित तिथि पर हर हाल में प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होना होगा. बोर्ड ने विद्यार्थियों से समय पर अपने विद्यालय से संपर्क कर परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी प्राप्त करने की भी सलाह दी है.
सीसीटीवी निगरानी में होगी पूरी परीक्षा प्रक्रिया
बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया है. सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी. आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की रिकॉर्डिंग उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी. बोर्ड ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके.
- कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट
Read Also- एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, STF की गोली से मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए