UP Board Exam 2027: जर्जर भवनों में बोर्ड परीक्षा कराने की तैयारी! बरेली में 130 केंद्रों की सूची पर घमासान, आपत्तियों ने खोली व्यवस्था की पोल

Updated:
विज्ञापन

बरेली में यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची पर विवाद

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

यूपी बोर्ड 2027 परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में विवाद गहराया. जर्जर भवनों और 10KM से अधिक दूरी पर केंद्र आवंटन से छात्रों को परेशानी. जानिए पूरा मामला.

विज्ञापन

UP Board Exam 2027:(पवन तोमर) बरेली में यूपी बोर्ड की 2027 की परीक्षाओं से पहले ही परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर विवाद खड़ा हो गया है. कहीं जर्जर भवनों में छात्राओं की परीक्षा कराने की तैयारी है, तो कहीं विद्यार्थियों को 10 किलोमीटर से अधिक दूर केंद्र आवंटित कर दिए गए हैं. 130 प्रस्तावित केंद्रों की सूची सामने आते ही विद्यालय प्रबंधनों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए. अब तक 107 आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं. ऐसे में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं.

विज्ञापन

130 केंद्रों की सूची पर विवाद

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बरेली के 130 विद्यालयों को अनंतिम परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किया है. सूची जारी होते ही कई विद्यालयों ने इसमें खामियां बताई हैं. सबसे ज्यादा सवाल केंद्रों की वास्तविक स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर उठे हैं. विद्यालय प्रबंधनों ने प्रस्तावित केंद्रों की दोबारा जांच कराने की मांग की है.

जर्जर भवनों में परीक्षा कराने पर सवाल

आपत्तियों में शांति अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज और मैथ्यूज गर्ल्स इंटर कॉलेज का मामला प्रमुखता से उठाया गया है. आरोप है कि दोनों विद्यालयों के भवन जर्जर हैं और वहां निर्माण कार्य चल रहा है. ऐसे में छात्राओं की परीक्षा कराना कितना सुरक्षित होगा, इस पर सवाल खड़े किए गए हैं. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि केंद्र तय करने से पहले भवनों की मौजूदा स्थिति का भौतिक सत्यापन होना चाहिए.

10 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर केंद्र

परीक्षा केंद्रों की दूरी को लेकर भी नाराजगी सामने आई है. आंबेडकर उत्तर माध्यमिक विद्यालय फतेहगंज और टीडीएम नेशनल स्कूल दौलतपुर के परीक्षार्थियों को 10 किलोमीटर से अधिक दूर केंद्र आवंटित किए जाने की शिकायत है. ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए इतनी दूरी तय करना मुश्किल हो सकता है. वहीं, राजकीय हाईस्कूल औरंगाबाद और राजकीय हाईस्कूल मोहम्मदपुर में जरूरी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए गए हैं.

पुराने केंद्र हटाने और क्षमता से अधिक आवंटन पर नाराजगी

विवाद की एक वजह पुराने परीक्षा केंद्रों को सूची से बाहर करना भी है. पिछले वर्ष केंद्र रहे केसर इंटर कॉलेज बहेड़ी और जीबी पंत इंटर कॉलेज बहेड़ी को इस बार प्रस्तावित सूची में जगह नहीं मिली है. दोनों विद्यालयों ने दोबारा केंद्र बनाए जाने की मांग की है. वहीं, एमजीएम इंटर कॉलेज बहेड़ी में निर्धारित क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के आवंटन की शिकायत की गई है. विद्यालय प्रबंधन ने छात्र संख्या कम करने की मांग उठाई है.

107 आपत्तियों की जांच कर रहा शिक्षा विभाग

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार के मुताबिक परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाता है. अनंतिम सूची जारी होने के बाद अब तक 107 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं. विभाग इन सभी शिकायतों का परीक्षण करा रहा है. उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों की अंतिम संख्या अभी उपलब्ध नहीं है. नामावली जनरेट होने के बाद ही प्रत्येक विद्यालय में आवंटित विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी. इसके बाद केंद्र निर्धारण को लेकर स्थिति और साफ होगी.

Also Read: यूपी में अब कंप्यूटर सहायक नहीं कर सकेंगे वोटर लिस्ट में बदलाव, चुनाव आयोग का फैसला, सभी ऑपरेटरों की Login ID बंद करने का आदेश

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola