प्रयागराज होकर दौड़ेगी स्पेशल वंदे भारत, दिवाली-छठ पर दिल्ली से पटना जाना होगा आसान, जानें रूट और टाइमिंग
प्रयागराज होकर चलेगी दिल्ली-पटना स्पेशल वंदे भारत
त्योहारी सीजन में स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से पटना के बीच चलेगी. जानें इसका रूट, ठहराव और समय सारणी. दिवाली-छठ पर यात्रा होगी आसान.
Prayagraj Vande Bharat: दीपावली की रौनक और छठ महापर्व की आस्था के बीच घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. त्योहारों में ट्रेनों की भीड़ और लंबी वेटिंग के बीच रेलवे ने नई दिल्ली से पटना के बीच विशेष वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का फैसला किया है. 16 कोच वाली यह पूरी तरह आरक्षित ट्रेन कानपुर और प्रयागराज होकर गुजरेगी. इससे दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी. यह विशेष सेवा 16 अक्टूबर से 26 नवंबर तक संचालित होगी.
16 और 18 अक्टूबर को दिल्ली से खुलेगी ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 02252 नई दिल्ली-पटना स्पेशल वंदे भारत की शुरुआती यात्राएं 16 और 18 अक्टूबर को होंगी. वापसी में ट्रेन संख्या 02251 पटना-नई दिल्ली स्पेशल 17 और 19 अक्टूबर को चलेगी. इसके बाद 21 अक्टूबर से 26 नवंबर तक ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा. त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस विशेष सेवा को शुरू किया जा रहा है.
सप्ताह में तीन दिन होगा परिचालन
21 अक्टूबर से नई दिल्ली से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को रवाना होगी. वहीं, पटना से वापसी में इसका परिचालन मंगलवार, गुरुवार और रविवार को होगा. ट्रेन में सभी सीटों के लिए आरक्षण अनिवार्य रहेगा. यात्रियों को सफर से पहले उपलब्धता और यात्रा की तारीख की जानकारी लेकर टिकट बुक कराने की सलाह दी जाती है.
प्रयागराज में पांच मिनट का ठहराव
नई दिल्ली से ट्रेन सुबह 8:35 बजे रवाना होगी. दोपहर 3:45 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 3:50 बजे पटना के लिए रवाना हो जाएगी. इसके बाद रात 9:30 बजे पटना पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन पटना से सुबह 10 बजे खुलेगी. दोपहर 3:35 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी और 3:40 बजे आगे के लिए रवाना होगी. इसके बाद रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
छह प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी वंदे भारत
विशेष वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में निर्धारित किया गया है. इन स्टेशनों के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिल सकेगा. दीपावली और छठ के दौरान बिहार आने-जाने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी.
Also Read: UP Scooty Yojana 2026: मेधावी छात्राओं को नवंबर में मिलेगी स्कूटी, जानें कितनी बेटियों को मिलेगा लाभ
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
