ePaper

जनेश्वर मिश्र पार्क में अब स्केटिंग फील्ड और जुरासिक पार्क का भी मिलेगा मजा, 18 करोड़ का है प्रोजेक्ट

Updated at : 12 Aug 2023 11:58 AM (IST)
विज्ञापन
जनेश्वर मिश्र पार्क में अब स्केटिंग फील्ड और जुरासिक पार्क का भी मिलेगा मजा, 18 करोड़ का है प्रोजेक्ट

राजधानी लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में स्केटिंग फील्ड बनने जा रहा है. साइकिलिंग की सुविधा फिर भी मिलेगी. इसके अलावा जुरासिक पार्क भी तैयार किया जाएगा.

विज्ञापन

Janeshwar Mishra Park: प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में स्केटिंग के शौकीनों के लिए फील्ड बनाया जाएगा. ऐसे में अब इस पार्क की पार्किंग व गेट के सामने सड़क पर स्केटिंग नहीं करनी पड़ेगी. साइकिलिंग की सुविधा भी फिर मिलेगी. गोल्फ कार्ट गाड़ियां शुरू की जाएंगी. साथ ही पार्क में सभी दुकानें व उनके फर्नीचर एक तरीके व रंग के होंगे. इसके अलावा जनेश्वर पार्क में स्क्रैप से जुरासिक पार्क भी तैयार किया जाएगा. शासन ने शुक्रवार को बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी.

अपर मुख्य सचिव (आवास) रमेश नितिन गोकर्ण की अध्यक्षता में हुई जनेश्वर मिश्र पार्क समिति की बोर्ड बैठक में एलडीए ने प्रस्ताव पेश किए थे. शासन ने स्केटिंग फील्ड, जुरासिक पार्क बनाने व सुधार सहित अन्य कार्यों के लिए 18 करोड़ का बजट पास कर दिया. बैठक में जनेश्वर पार्क में तैयार हो रहे मल्टीमीडिया लेजर वॉटर शो सहित अन्य कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए गए.

इस दौरान मोशन वेयन थियटर के निर्माण की प्रगति को लेकर बताया गया कि यह काम भी जल्द पूरा होने वाला है. इसमें एक साथ 40 लोग 3डी की तर्ज पर रोचक चीजें देख सकेंगे. एलडीए सचिव पवन कुमार गंगवार, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह एवं मुख्य अभियंता अजय सिंह को जुरासिक पार्क बनाने की डीपीआर तैयार कर पेश करने का निर्देश दिया गया.

150 करोड़ का कॉर्पस फंड स्वीकृत

शासन ने जनेश्वर मिश्र पार्क का 150 करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड स्वीकृत किया है. पार्क की समिति इससे आने वाले ब्याज से पार्क को और बेहतर बनाने के साथ दर्शकों के लिए सुविधाएं बढ़ाएगी. पार्क में पर्यटकों के लिए कुछ और सुविधाएं शुरू करने की तैयारी भी चल रही है.

अब मिलेंगी ये सुविधाएं

पार्क में साइकिलें रखी जाएंगी, जिन्हें किराए पर दिया जाएगा। सुबह शाम आने वाले लोग इनको लेकर पार्क में साइकिलिंग कर सकेंगे. इसी तरह गोल्फ कार्ट गाड़ियां भी किराए पर चलेंगी. बुजुर्ग, विकलांग व बीमार लोग इनसे घूम सकेंगे.

खान-पान की दुकानें खुलेंगी

पार्क में खान-पान की अच्छी प्रतिष्ठित ब्रांड की दुकानें खुलेंगी. अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा है कि किराए पर देने के लिए दुकानों की ऐसी डिजाइन तैयार कराएं, जिसमें सभी दुकानें एक ही तरह व साइज की हों. इनके रंग से लेकर फर्नीचर तक सभी एक ही तरह के रखे जाएंगे.

बोटिंग की सुविधा शुरू होगी

जनेश्वर मिश्र पार्क की झील में फिर से बोटिंग की सुविधा शुरू होगी. बैठक में हुए फैसले के अनुसार, इसकी व्यवस्था का जिम्मा निजी कम्पनी को बोटिंग के लिए दिया जाएगा. वही बोट लाएगी और संचालन करेगी.

वाटर स्क्रीन शो 15 अगस्त से होगा शुरू

जनेश्वर मिश्रा पार्क में सबसे बड़े वाटर स्क्रीन का 11 अगस्त को ट्रायल किया जाएगा. जबकि 15 अगस्त से शुरू हो जाएगा. जानकारी के अनुसार वाटर स्क्रीन शो के लिए प्रति व्यक्ति से 20 से 50 रुपए तक शुल्क वसूला जा सकता है. कलकत्ता की एक फर्म द्वारा यह कार्य पूरा किया गया है. फिलहाल शुल्क का निर्धारण एलडीए की बोर्ड बैठक में तय किया जाना है.

करीब 100 मीटर लंबी पानी के फव्वारे बनाने वाली वॉटर स्क्रीन भारतीय संस्कृति को दर्शाएगा. इसके लिए डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी तैयार किया गया है. शो में समुद्र मंथन, रामायण, महाभारत जैसे तमाम ग्रंथों को दर्शाया जाएगा. इसके अलावां उत्तर प्रदेश में दर्शन की दृष्टि से महत्वपूर्ण धरोहरों का भी वर्णन किया जाएगा.

3.50 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण

जनेश्वर मिश्र पार्क में मोशन वेयर थिएटर का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है. यहां पर पर्यटकों की सुविधा के लिए कुर्सियां लगा दी गई हैं. वॉटर स्क्रीन के निर्माण में कुल 3.50 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं. यहां पर करीब 40 लोगों के बैठन की सुविधा है. यहां पर पर्यटक 7डी रोमांचक तरीके से चीजों को देखेंगे और अहसास करेंगे.

जानिए क्या है वॉटर स्क्रीन शो

वॉटर स्क्रीन शो में पानी के सतह पर डिजिटल उपकरणों के माध्यम से रंग बिरंगे दृश्यों को उकेरा जाता है. शो में तस्वीरें हवा में तैरती हुई दिखायी देती हैं. पानी के पर्दे पर रंग बिरंगी तस्वीरें दर्शकों को आश्चर्यचकित कर देता है. वॉटर स्क्रीन मुख्य रूप से बड़े और बाहरी स्थानों जैसे- झील, समुद्र, जलाशय, स्विमिंग पूल और पार्क में लगाई जाती है.

विज्ञापन
Sandeep kumar

लेखक के बारे में

By Sandeep kumar

Sandeep kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola