Chandrayaan-3: फिरोजाबाद के धर्मेंद्र प्रताप सॉफ्ट लैंडिंग में निभाएंगे अहम भूमिका, इसरो की टीम में हैं शामिल

लखनऊ में पिंक बूथ पर भी चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी. बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रयान-3 चंद्रमा पर लैंड करेगा. एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि लोग पिंक बूथ के आस-पास झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को चंद्रयान-3 की लैडिंग दिखाने के लिए पिंक बूथ पर ले जाएं.
Lucknow News: भारत के चंद्रयान-3 मिशन (Chandrayaan-3) की सॉफ्ट लैंडिंग की खबर सुनने के लिए पूरे देश में बुधवार को हवन पूजन और प्रार्थनाएं की जा रही हैं. उत्तर प्रदेश के स्कूलों में इसके लाइव प्रसारण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. इसके साथ मदरसों के छात्र के लिए व्यवस्था करने के निदेश दिए गए हैं.
चंद्रयान-3 की सफल उड़न का उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से भी खास कनेक्शन है. फिरोजाबाद जनपद के टूंडला कस्बे में एक छोटे से गांव टीकरी के रहने वाले धर्मेंद्र प्रताप यादव भी इसरो की उस टीम में शामिल हैं, जो चंद्रयान 3 की उड़ान से जुड़ी हुई है. ऐसे में चंद्रयान 3 को लेकर इस गांव के लोगों में भी बहुत उत्साह है. गांव के लोग इस मिशन की सफलता के लिए कामनाएं कर रहे हैं.
भारत के इस एतिहासिक कदम की ओर बढ़ने से पूरे परिवार, गांव और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है और ये लोग भी उस पल का इंतजार कर रहे हैं जब हिन्दुस्तान के कदम चांद के दक्षिणी ध्रुव पर होंगे.
धर्मेंद्र प्रताप सिंह के पिता का नाम शंभूदयाल यादव और मां का नाम कमला है, पिता पेशे से किसान है. धर्मेंद्र ने फिरोजाबाद के ही ब्रजराज सिंह इंटर कॉलेज से 12 तक पढ़ाई की है. शुरू से ही वो पढ़ने में बेहद होशियार थे. इसके बाद उन्होंने मथुरा के हिन्दुस्तान कॉलेज से बीटेक किया और फिर एमटेक की पढ़ाई जालंधर से की. इसके बाद से वह इसरो में 2011 से वैज्ञानिक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
चंद्रयान-3 की सफल उड़ान के बाद से ही उनके घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. परिवार अपने बेटे की इस उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहा है. परिवार को उस वक्त का इंतजार है जब लैंडर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा.
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को चंद्रयान-3 मिशन की कामयाबी को लेकर अपनी शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि मैं प्रार्थना करता हूं कि चंद्रयान-3 चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करे. पूरा देश इंतजार कर रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है. मैं वैज्ञानिकों को प्रणाम करता हूं.
प्रदेश के स्कूलों में 23 अगस्त की शाम को मिशन चंद्रयान का लाइव टेलिकास्ट होगा. इसके लिए शाम को 5:15 से 6:15 तक एक घंटे के लिए स्कूलों को खोला जाएगा. ऐसे में शिक्षण संस्थानों को समय रहते टीवी व प्रोजेक्टर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. चंद्रयान-3 को चंद्रमा पर उतरते हुए देखने का अनुभव बेहद रोमांंच भरा होगा.
लखनऊ में 1619 प्राइमरी स्कूल, आठ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के 771 स्कूल, सीआईएससीई और सीबीएसई के 250 स्कूलों के करीब 7 लाख बच्चे इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे. अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि मदरसों को इसके लिए शाम को खोला जाए और वहां विद्यार्थियों को चंद्रयान-3 की लैंडिंंग का लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की जाए.
इस बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने इसका विरोध किया है. उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में इसके लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं. फिर पहले मुहर्रम की छुट्टी रद की गई. इसके बाद 13 अगस्त को रविवार को ‘मेरी माटी मेरा देश अभियान’ के लिए स्कूल खोले गए. अब इनकी जगह अवकाश दिया जाए.
लखनऊ में पिंक बूथ पर भी चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी. बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रयान-3 चंद्रमा पर लैंड करेगा. इसकी लाइव स्ट्रीमिंग के लिए एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पश्चिमी जोन के सभी पिंक बूथ पर व्यवस्था की है. उन्होंने बताया कि लोग पिंक बूथ के आस-पास झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को चंद्रयान-3 की लैडिंग दिखाने के लिए पिंक बूथ पर ले जाएं और विज्ञान की इस अनूठी उपलब्धि के बारे में उन्हें जानकारी दें.
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रदेश भर में हवन पूजन और प्रार्थनाओं का सिलसिला जारी है. वाराणसी में साधुओं ने हवन किया. मुरादाबाद में छात्रों ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए अपने चेहरे रंगे और पोस्टर प्रदर्शित किए.
इस बीच ISRO के पूर्व निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने कहा कि मुझे वैज्ञानिकों की तरह ही विश्वास है कि हम बहुत बेहतर करेंगे क्योंकि चंद्रयान 2 की तुलना में बहुत सारे बदलाव किए गए हैं. बहुत सारे एल्गोरिदम बदले गए हैं. पूर्ण अंशांकन किया गया है. लैंडर में घूमने की क्षमता है. लैंडिंग क्षेत्र को 2.5 किमी से बढ़ाकर 4 किमी कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sanjay Singh
working in media since 2003. specialization in political stories, documentary script, feature writing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




