लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत में नया मोड़, 15 मिनट बाद पहुंची सफेद ऑडी; कार पर लगा था सचिवालय का पास
सफेद ऑडी ने बढ़ाया रहस्य(AI)
UP Crime News: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का रहस्य गहराता जा रहा है. घटना के 15 मिनट बाद सचिवालय का पास लगी सफेद ऑडी कार पहुंचने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 10 गंभीर चोटें मिली हैं.
UP Crime News: लखनऊ में चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच में नए खुलासे हो रहे हैं. हजरतगंज के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवा के शरीर पर 10 गंभीर चोटें मिली हैं. वहीं, घटना के महज 15 मिनट बाद सचिवालय का पास लगी एक सफेद ऑडी कार अपार्टमेंट के पास पहुंची थी. पुलिस को प्रेमिका श्रद्धा के फ्लैट से यौनवर्धक और यौन संतुष्टि से जुड़ी सामग्री मिलने की भी जानकारी सामने आई है. अब सवाल उठ रहा है कि आखिर उस रात फ्लैट में क्या हुआ था? फिलहाल श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि फरार हैं.
मौत के 15 मिनट बाद पहुंची ऑडी कार, किसकी थी गाड़ी?
शिवा शर्मा की मौत के मामले में सफेद ऑडी कार पुलिस के लिए जांच का अहम हिस्सा बन गई है. पुलिस ने अवध ग्रीन अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. इसमें घटना के करीब 15 मिनट बाद एक सफेद ऑडी कार अपार्टमेंट के पास आती दिखाई दी. कार पर सचिवालय का पास लगा था. कुछ देर बाद कार वहां से वापस चली गई. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार किसकी थी और घटना के बाद वहां क्यों आई थी. सीसीटीवी फुटेज में कुछ आरोपी भी नजर आए हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.
प्रेमिका के फ्लैट से मिला संदिग्ध सामान
सोमवार को पुलिस टीम एक बार फिर अवध ग्रीन अपार्टमेंट पहुंची. यहां श्रद्धा के फ्लैट की तलाशी के दौरान यौनवर्धक और यौन संतुष्टि से जुड़ी सामग्री मिलने की बात सामने आई है. पुलिस फ्लैट से अन्य सामान और साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, बरामद सामग्री का शिवा की मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 10 चोटें
शिवा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनके शरीर पर 10 गंभीर चोटें मिली हैं. सभी चोटें मौत से पहले लगी थीं. मौत के बाद शरीर पर किसी नई चोट का निशान नहीं मिला. रिपोर्ट के अनुसार, चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था. इसके बाद सदमे से शिवा की मौत हो गई. शरीर पर किसी कठोर वस्तु से चोट पहुंचाए जाने के संकेत भी मिले हैं. इसके अलावा फर्श से टकराने के कारण रगड़ के निशान पाए गए. हालांकि, चोट लगने और मौत के बीच कितना समय बीता, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
मां का आरोप- पहले बेरहमी से पीटा, फिर चौथी मंजिल से फेंका
शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा, उसकी बहन और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले शिवा की जमकर पिटाई की. इसके बाद उसे अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद रविवार को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद शिवा अर्द्धनग्न अवस्था में मिला था. उसके शरीर पर लिपस्टिक के निशान भी दिखाई दिए थे.
श्रद्धा पर ब्लैकमेल करने का आरोप
शिवा की मां रंजना का आरोप है कि श्रद्धा अपनी पहुंच का रौब दिखाकर उनके बेटे को धमकाती थी. रंजना के मुताबिक, श्रद्धा के कई नेताओं, नौकरशाहों और खिलाड़ियों से संबंध थे. सोशल मीडिया पर उसकी कई लोगों के साथ तस्वीरें भी वायरल होने की बात सामने आई है. हालांकि, इन कथित संबंधों की पुष्टि नहीं हुई है. शिवा पहले विभूतिखंड में एक कैफे के बाहर गोली चलाने के मामले में जेल जा चुका था. वह दोबारा जेल नहीं जाना चाहता था. रंजना का आरोप है कि श्रद्धा इसी बात का फायदा उठाकर उसे ब्लैकमेल करती थी.
श्रद्धा और उसकी बहन फरार
शिवा की मौत के बाद से श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, दोनों बहनें एक साथ हैं. वहीं, अन्य आरोपियों की लोकेशन अलग-अलग मिली है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं. एक टीम श्रद्धा के गृह जनपद रायबरेली में डेरा डाले हुए है. पुलिस आरोपियों की मदद करने वालों की भी तलाश कर रही है. कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में भी अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है.
पुलिस के सामने कई सवाल, गिरफ्तारी के बाद खुलेगा राज
एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा. बता दें कि शुक्रवार शाम अलीगंज के सेक्टर-एफ निवासी चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की श्रद्धा के फ्लैट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने के बाद मौत हो गई थी. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिवा को इतनी चोटें कैसे आईं, घटना के बाद ऑडी कार वहां क्यों पहुंची और आरोपियों की इस पूरे मामले में क्या भूमिका थी.
Also Read: शाहजहांपुर के मंदिर परिसर में जला दी चिता, लौटे पुजारी तो उड़ गए होश, जानें पूरा मामला
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए