नवरात्र के व्रत में कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी-पूरी खाते ही मचा हड़कंप, एक ही परिवार के 7 समेत 25 बीमार, जानें पूरा मामला
बीमार के बाद अस्पताल मे भर्ती मरीज पास मे बैठे परिजन
UP News: रामपुर में कुट्टू का आटा खाने के बाद मचा हड़कंप. उल्टी-दस्त की शिकायत पर एक परिवार के 7 समेत 25 लोग जिला अस्पताल पहुंचे. खाद्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है.
UP News (पवन तोमर की रिपोर्ट): उत्तर प्रदेश के रामपुर में नवरात्र के व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई. रविवार रात कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी, पूरी और पराठे खाने के कुछ घंटे बाद लोगों को उल्टी, दस्त और घबराहट होने लगी. सोमवार सुबह आठ बजे तक शहर के अलग-अलग मोहल्लों से 25 मरीज जिला अस्पताल पहुंच गए. इनमें एक ही परिवार के सात सदस्य भी शामिल हैं. सभी मरीजों को मेडिकल, आयुष्मान और डायरिया वार्ड में भर्ती कराया गया है. राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है. वहीं, खाद्य विभाग की टीम आटा बेचने वाले दुकानदार की पहचान करने में जुटी है.
नयागंज से खरीदा खुला आटा, रात तीन बजे बिगड़ी तबीयत
रामपुर के मोहल्ला लाल कब्र निवासी 65 वर्षीय हीरालाल ने बताया कि उन्होंने नयागंज बाजार से खुला कुट्टू का आटा खरीदा था. रविवार रात घर में इसी आटे की पकौड़ियां बनाई गई थीं. खाने के कुछ घंटे बाद उन्हें और उनके बेटे राजेश को उल्टी होने लगी. हीरालाल के मुताबिक, रात करीब तीन बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल जाना पड़ा. वहां पहुंचने पर देखा कि दूसरे मरीज भी लगातार इलाज के लिए आ रहे थे. उन्होंने बताया कि खरीदे गए आटे पर न तो कोई पर्ची थी और न ही एक्सपायरी डेट दर्ज थी.
पराठे खाने के बाद तीन भाई-बहन हुए बीमार
घर मीर खान मोहल्ले के रहने वाले कारण सिंह के परिवार में भी कुट्टू का आटा खाने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई. परिवार ने रविवार रात कुट्टू के आटे के पराठे बनाए थे. इन्हें खाने के बाद उनकी 24 वर्षीय बेटी कोमल और बेटे राजेश्वर व मनोज बीमार हो गए. उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया.
12 किलोमीटर दूर के परिवार पर भी असर, सात लोग भर्ती
रामपुर के अलावा मुरादाबाद जिले के मुंडापांडे थाना क्षेत्र के धतूरा वाली मिलक गांव का एक परिवार भी फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आ गया. यह गांव रामपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर बताया गया है. परिवार के हरिशंकर ने बताया कि रविवार रात करीब 10:30 बजे नवरात्र की पूजा के बाद ज्वाला नगर से खरीदे गए कुट्टू के आटे की पूरियां बनाई गई थीं. इन्हें खाने के बाद परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई. बीमार लोगों में हरिशंकर (29), विशेष कुमार (26), पूनम (26), अंजलि (26), राखी (27), संतोष (55) और कैलाश (53) शामिल हैं. सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रामपुर के कई मोहल्लों से अस्पताल पहुंचे मरीज
कुट्टू का आटा खाने के बाद शहर के अन्य मोहल्लों से भी लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है. जैन मंदिर के पास रहने वाले दीक्षा, राजकुमार और आदि की तबीयत बिगड़ गई. वहीं, कुआं मोहल्ला निवासी राघव कुमार (27), खारी कुआं के राजीव (20), शिवम (18) और राजेश (12) भी बीमार हुए हैं. इसके अलावा शिव मंदिर कॉलोनी की बिजापति (30) और उनकी बेटी निधि (18) को भी अस्पताल पहुंचाया गया. खारी कुआं निवासी प्रभाकर (60), उनकी बेटी नीतू और बेटे रवि में भी फूड प्वाइजनिंग के लक्षण मिले हैं.
सीएमओ बोलीं- सभी मरीजों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण
रामपुर की सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि सभी मरीजों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं. उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद मरीजों को जरूरी दवाएं और आईवी फ्लूइड दिए जा रहे हैं. जिला अस्पताल के मेडिकल, आयुष्मान और डायरिया वार्ड में मरीजों का इलाज चल रहा है. फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है.
एक ही दुकान से आटा खरीदने की आशंका
सीएमओ डॉ. दीपा सिंह के मुताबिक, आशंका है कि बीमार हुए लोगों ने एक ही दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा हो सकता है. खाद्य विभाग की टीम संबंधित दुकानदार की पहचान करने में जुटी है. हालांकि, अलग-अलग मरीजों ने नयागंज और ज्वाला नगर से आटा खरीदने की जानकारी दी है. ऐसे में आटा कहां से आया और उसमें किस वजह से समस्या हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए