UP की राजधानी में 4 साल की मासूम के साथ हैवानियत, आरोपी स्कूल वैन चालक गिरफ्तार

आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
UP News: लखनऊ के राजाजीपुरम में एक निजी स्कूल की 4 साल की मासूम छात्रा के साथ स्कूल वैन चालक ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया. बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद मामले का खुलासा हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. तालकटोरा थाना क्षेत्र के राजाजीपुरम में एक निजी स्कूल की 4 साल की मासूम छात्रा के साथ स्कूल वैन चालक ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया. बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि इस घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है.
स्कूल लाने-ले जाने की जिम्मेदारी थी, उसी चालक पर लगा गंभीर आरोप
पीड़िता की मां के मुताबिक उनकी चार साल की बेटी राजाजीपुरम के एक निजी स्कूल में नर्सरी की छात्रा है. पति-पत्नी दोनों निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, इसलिए उन्होंने बच्ची को स्कूल लाने और छोड़ने के लिए वैन की व्यवस्था कर रखी थी. यह वैन मूल रूप से उन्नाव निवासी गिरीश मिश्रा चलाता था. परिवार को उस पर भरोसा था, लेकिन अब उसी पर मासूम के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है. घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है.
घर लौटते समय वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी चालक गिरीश मिश्रा पिछले कई दिनों से बच्ची के साथ गलत हरकतें कर रहा था. आरोप है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद जब बच्ची वैन से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया. घर पहुंचने के बाद बच्ची काफी सहमी हुई थी और किसी से ठीक से बात भी नहीं कर रही थी.
तबीयत खराब होने के बाद सामने आई पूरी घटना
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को हुई घटना के बाद बच्ची काफी शांत और परेशान थी. वह कुछ बोल नहीं पा रही थी और गहरे सदमे में थी. शनिवार को अचानक उसकी हालत खराब होने पर परिवार वाले उसे लेकर अस्पताल पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच की, जिसमें उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई. इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद से मासूम सदमे में है और उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया. बच्ची की मां की शिकायत पर तालकटोरा थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी स्कूल वैन चालक गिरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि जब आरोपी को पुलिस थाने लेकर पहुंची, तो उसे देखकर बच्ची डर गई और रोने लगी. पुलिस अधिकारियों ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं. मामले की जांच आगे जारी है.
Also Read: ग्रेटर नोएडा के स्पा सेंटरों पर पुलिस की रेड, 28 लड़कियां रेस्क्यू,15 युवक हिरासत में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










