हरिद्वार में बवाल: सहारनपुर से आए युवकों में खूनी झड़प, अधेड़ को सड़क पर पीटा और उतारे कपड़े
अधेड़ को सड़क पर पीटा और उतारे कपड़े
हरिद्वार रोडवेज बस अड्डे के पास सहारनपुर से आए तीन युवकों के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया. दो युवकों ने मिलकर एक अधेड़ को सड़क पर पीटा और उसके कपड़े उतार दिए. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है.
Haridwar Viral Video: हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आए तीन युवकों के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ. शुक्रवार देर शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस अड्डे के पास किसी बात को लेकर तीनों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि दो युवकों ने अपने अधेड़ साथी को घेरकर सड़क पर बेरहमी से पीटा और उसके कपड़े उतार दिए. मारपीट में अधेड़ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अधेड़ को सड़क पर गिराकर पीटा, फिर कपड़े उतारने का आरोप
बताया जा रहा है कि सहारनपुर से आए तीनों युवक हरिद्वार घूमने पहुंचे थे. रोडवेज बस अड्डे के पास किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ. इसके बाद दो युवकों ने तीसरे अधेड़ को घेर लिया और उस पर लात-घूंसों से हमला करने लगे. आरोप है कि उसे जमीन पर गिराने के बाद भी मारपीट जारी रही और उसके कपड़े तक उतार दिए गए. गंभीर रूप से घायल अधेड़ सड़क पर पड़ा रहा. यह देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और उन्होंने बीच-बचाव करते हुए पीड़ित को बचाया.
महिला ने आरोपी से मांगी ID, हाथ जोड़कर बोला- मुझसे गलती हो गई
वायरल वीडियो में मारपीट के बाद का घटनाक्रम भी दिखाई दे रहा है. बताया गया कि एक आरोपी जब वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था, तो भीड़ ने उसे घेर लिया. इस दौरान उसने मारपीट से इनकार करते हुए अधेड़ को अपना चाचा बताया. एक महिला के सवाल करने पर आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उससे गलती हो गई और वह घायल व्यक्ति को कमरे पर ले जाकर उसका इलाज कराएगा. महिला ने उसकी ID मांगी और कहा कि उस पर भरोसा नहीं है. इसके बाद आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता और घायल के इलाज की बात कहता नजर आया.
भीड़ ने दोनों युवकों को पीटा, पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी फरार
जब आरोपी को लेकर महिला और भीड़ के बीच विवाद बढ़ा तो मामला फिर बिगड़ गया. आरोप है कि भीड़ ने दोनों युवकों की भी पिटाई कर दी और पाइप से हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट लगी. बाद में महिला के कहने पर भीड़ ने उन्हें छोड़ दिया. पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा.
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के मुताबिक, रोडवेज बस अड्डे के पास हुई मारपीट की जानकारी सामने आई है. पुलिस वायरल वीडियो और आसपास मौजूद चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की तलाश की जा रही है.
Must Read- लखनऊ मरीन ड्राइव से भूतनाथ तक जलभराव की समस्या होगी खत्म, जानिए नगर निगम का 3 करोड़ का मास्टर प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए