गोरखपुर में 70 साल पुराने मकान पर कब्जे का आरोप... विरोध पर सपा नेता पर महिला से मारपीट का आरोप, 12 के खिलाफ FIR
गोरखपुर में मकान को लेकर विवाद
गोरखपुर के राजघाट में 70 साल पुराने मकान को लेकर विवाद थाने पहुंच गया है. एक महिला ने मकान पर कब्जा करने आए सपा नेता जफर अमीन और 11 अन्य लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
UP News: गोरखपुर के राजघाट क्षेत्र में 70 साल पुराने मकान को लेकर विवाद अब थाने तक पहुंच गया है. मकान पर कब्जे का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया. महिला ने सपा नेता जफर अमीन उर्फ डक्कू समेत 12 लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों पर सभी की नजर है.
कब्जे के विरोध पर विवाद
राजघाट क्षेत्र के खोखरटोला में मस्जिद के पास स्थित मकान को लेकर विवाद है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शहाना खातून ने पुलिस को दी शिकायत में में बताया कि मकान करीब 70 वर्ष पुराना है. यह डीह की आराजी संख्या 91 की संपत्ति पर बना है. उनके मुताबिक, उनके पूर्वजों को जमींदार बल्लभदास ने रहने के लिए मकान दिया था. महिला का कहना है कि संपत्ति से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है.
2023 में आधा मकान ढहाने का आरोप
शहाना खातून ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में सपा नेता जफर अमीन उर्फ डक्कू ने उनके मकान का आधा हिस्सा ध्वस्त करा दिया था. इसके बाद उस हिस्से पर कब्जा कर लिया गया. महिला के मुताबिक, बीते एक सितंबर को जफर अमीन, शब्बीर कुरैशी और 8-10 अज्ञात लोग फिर मकान और जमीन पर कब्जा करने पहुंचे.
विरोध किया तो मारपीट का आरोप
महिला ने बताया जब कब्जे का विरोध किया तो आरोपियों से बहस हो गई. शहाना ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, फिर जबरन कब्जा क्यों किया जा रहा है. आरोप है कि इसके बाद दोनों नामजद आरोपियों ने न्यायालय और अधिकारियों की बात नहीं मानने की बात कही. प्रभावशाली लोगों से पहचान होने का भी दावा किया. इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू करने का आरोप है. शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया.
सपा नेता बोले- जमीन मेरी है
शहाना का आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए. एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत के आधार पर सपा नेता समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. वहीं, सपा नेता जफर अमीन उर्फ डक्कू ने आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है. उनका कहना है कि जमीन उनकी है और उसके दस्तावेज उनके पास हैं.
Also Read: NHAI टोल के नाम पर फर्जी वसूली, यूपी समेत इतने राज्यों में 14 ठिकानों पर ED की तलाशी जारी....
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए