इटावा में ARTO को धमकी! अवैध ट्रक सीज करने के बाद कार-स्कूटी से पीछा, बोलीं- ‘जान-माल का खतरा’, SP से मांगी सुरक्षा

Updated:
विज्ञापन

इटावा में ARTO हुमा परवीन को धमकी, सुरक्षा की मांग

UP News: इटावा में ARTO प्रवर्तन हुमा परवीन ने अवैध और ओवरलोड ट्रक को सीज करने के बाद अपनी जान को खतरा बताया है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है. बताया जा रहा है कि कुछ लोग उनका पीछा कर रहे हैं और धमकाने की कोशिश कर रहे हैं.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के इटावा में ARTO प्रवर्तन हुमा परवीन ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है. उनका आरोप है कि 5 अगस्त को एक अवैध और ओवरलोड ट्रक को सीज करने के बाद से कुछ लोग उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे हैं. कभी कार तो कभी स्कूटी से उनकी लोकेशन का पीछा किया जाता है और सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर धमकाने की कोशिश की गई. हुमा परवीन का कहना है कि उनके पास इस पूरे मामले से जुड़ा वीडियो भी मौजूद है. उन्होंने SP को लिखित शिकायत दी है और CO सिटी को भी मामले की जानकारी दी है. साथ ही SSP से अपनी सुरक्षा की मांग की है.

विज्ञापन

5 अगस्त को अवैध ट्रक किया था सीज

हुमा परवीन के मुताबिक, 5 अगस्त को उन्हें एक ऐसा वाहन मिला था, जिसकी नंबर प्लेट नहीं थी. उन्होंने उसे फर्जी वाहन बताते हुए कहा कि ट्रक ओवरलोड भी था. कार्रवाई करते हुए वह वाहन को सीज कराने के लिए ले जा रही थीं. उनका आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे. उनके मुताबिक, गाड़ी को जबरदस्ती रुकवाया गया और उनसे कहा गया कि वाहन को सीज न करें, वरना अच्छा नहीं होगा. इसके बावजूद उन्होंने सरकारी नियमों और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई पूरी की.

मेरी लोकेशन शेयर की जा रही है'

ARTO ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद से एक व्यक्ति लगातार उनका पीछा कर रहा है और उनकी लोकेशन शेयर करता है. कभी कार तो कभी स्कूटी से उनका पीछा किए जाने की बात उन्होंने कही है. हुमा परवीन ने कहा कि उनके साथ फिलहाल सिर्फ एक सिपाही रहता है. ऐसे में सुनसान जगह पर गाड़ी रुकवाकर उनके और पुलिसकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है. इसी वजह से उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

'पासर और दलाल कराते हैं गाड़ियां पास'

हुमा परवीन ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ लोग गाड़ियों को पास कराने का काम करते हैं. उनके मुताबिक, ये लोग मौरम और गिट्टी से लदे ट्रकों को निकलवाने और पास कराने में भूमिका निभाते हैं. एक ट्रक के लिए करीब एक हजार रुपये लेने की बात भी सामने आई है. उन्होंने कहा कि इन लोगों का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसकी उन्हें अभी पूरी जानकारी नहीं है. उन्होंने भरोसा जताया कि जांच आगे बढ़ने पर नेटवर्क के बारे में जानकारी सामने आ सकती है.

अनुराग सक्सेना का लिया नाम

ARTO ने बातचीत के दौरान अनुराग सक्सेना नाम के एक व्यक्ति का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि वह 'न्यूज 24' चलाते हैं. हुमा परवीन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में दलाली का काम कर रहे हैं और वाहनों को पास कराने में शामिल हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले में संबंधित व्यक्ति का पक्ष भी सामने नहीं आया है.

SP और CO को दी शिकायत, वीडियो भी सौंपा

हुमा परवीन ने बताया कि उन्होंने SP से मिलकर लिखित शिकायत दी है. इसके अलावा CO सिटी को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वह वीडियो भी उपलब्ध कराया है, जिसमें कथित तौर पर उन्हें रोककर धमकाने की घटना दिखाई देती है. उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले में कार्रवाई हो, ताकि उनकी गाड़ी का पीछा करने या उन्हें रोकने की कोशिश दोबारा न हो और उनके जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत करती रहूंगी काम'

हुमा परवीन ने कहा कि उन्होंने 13 जुलाई को इटावा में ARTO प्रवर्तन के तौर पर ज्वाइन किया था. उनका कहना है कि सरकार और जिला प्रशासन के निर्देश के मुताबिक उनका मुख्य उद्देश्य जीरो टॉलरेंस के साथ काम करना है. उन्होंने कहा कि अनफिट, बिना परमिट, अनधिकृत और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना उनकी जिम्मेदारी है और वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ अपना काम कर रही हैं.

'पत्रकारिता की आड़ में दलाली करने वालों पर हो कार्रवाई'

ARTO ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारिता का काम आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना है. लेकिन अगर कोई पत्रकारिता की आड़ में ओवरलोड या अनधिकृत वाहनों को पास कराने का काम करता है तो इससे पत्रकारिता की छवि खराब होती है. उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की मांग की. साथ ही पुलिस प्रशासन, आम लोगों और पत्रकारों से भी सहयोग की अपील की, ताकि अवैध और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जा सके.

Also Read: CM योगी से मिले जापानी छात्र, राम से जापान की संस्कृति तक हुई चर्चा, बोले- युवा लिखेंगे भारत-जापान रिश्तों की नई कहानी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola