ट्रांसफार्मर से टकराते ही 'आग का गोला' बनी कार, लखीमपुर में 3 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, दहल उठा पूरा शहर
ओयल चौकी के पास हुआ हादसा (क्रेडिट सोशल मीडिया)
UP Road Accident: लखीमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराकर आग की लपटों में घिर गई. इस हादसे में कार सवार तीन दोस्तों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
UP Road Accident: लखीमपुर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई. हादसे के वक्त कार में छह युवक सवार थे. आग लगने से तीन युवकों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है.
ओयल चौकी के पास हुआ हादसा
हादसा खीरी थाना क्षेत्र में सीतापुर-लखीमपुर फोर लेन पर ओयल पुलिस चौकी के पास रात करीब तीन बजे हुआ. पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई. टक्कर के बाद कार में आग लग गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह कार के शीशे और गेट तोड़कर उसमें फंसे सभी छह युवकों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को जिला अस्पताल मोतीपुर पहुंचाया गया.
इलाज के दौरान तीन युवकों ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान आयुष कुमार, शिवा सिंह और आकाश वर्मा की मौत हो गई. आयुष कुमार शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर के रहने वाले थे, जबकि शिवा सिंह राजापुर, थाना कोतवाली सदर और आकाश वर्मा पिपरिया बाईपास, थाना सदर के निवासी थे. तीनों मृतक और घायल युवक सदर कोतवाली लखीमपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और आपस में दोस्त थे.
तीन घायल लखनऊ रेफर, सीतापुर जाते समय हुआ हादसा
हादसे में घायल पीयूष सिंह, अमन वर्मा और उत्कर्ष को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है. पीयूष सिंह और अमन वर्मा शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर के निवासी हैं. घायलों ने बताया कि वे सीतापुर जा रहे थे, तभी ओयल चौकी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गई और उसमें आग लग गई. इंस्पेक्टर खीरी अविनाश सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए