45 दिन की शादी और थाने में गूंजी किलकारी! पति बोला प्रेमिका का खेल, पत्नी ने बताया खौफनाक सच
शादी के 10 दिन बाद डिलीवरी, पति के आरोप से मचा हड़कंप
UP News: बाराबंकी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक महिला ने विवाद सुलझाने के दौरान थाने के पास बच्चे को जन्म दिया. शादी के कुछ ही हफ्तों बाद हुई इस डिलीवरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सुबेहा थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विवाद सुलझाने पहुंची एक महिला ने मंदिर के पास बच्चे को जन्म दे दिया. महिला की शादी 20 जून को सूरज से हुई थी और करीब डेढ़ महीने बाद उसकी डिलीवरी हो गई. इस घटना के बाद पति ने पत्नी के शादी से पहले प्रेम प्रसंग का आरोप लगाया है. वहीं, महिला ने इससे अलग कहानी बताई है. पुलिस ने तत्काल जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. वहां से दोनों को जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. अब इस मामले में पति-पत्नी के अलग-अलग बयानों से कई सवाल खड़े हो गए हैं.
शादी के 10 दिन बाद गुजरात चला गया था पति
सुबेहा थाना क्षेत्र में रहने वाले सूरज और शिवानी की शादी 20 जून को हुई थी. शादी के महज 10 दिन बाद सूरज काम के सिलसिले में गुजरात चला गया. इसी दौरान परिजनों ने फोन करके सूरज को बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती है. यह जानकारी मिलने के बाद पति-पत्नी और दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया. मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों पक्षों को सुबेहा थाने बुलाया गया. इसी दौरान महिला की तबीयत बिगड़ी और थाने के पास मंदिर के समीप उसने बच्चे को जन्म दे दिया.
IGRS शिकायत के बाद थाने पहुंचे थे दोनों पक्ष
सुबेहा थाना प्रभारी बेचू सिंह के मुताबिक, दोनों पक्ष आईजीआरएस पर की गई शिकायत के सिलसिले में थाने आए थे. पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो चुका था. इसी दौरान महिला ने बच्चे को जन्म दिया. पुलिस ने बिना देर किए मां और नवजात को अस्पताल पहुंचाया.
पति ने लगाया शादी से पहले प्रेम प्रसंग का आरोप
गुजरात से वापस आने के बाद सूरज ने मामले की जानकारी जुटाई. उसका दावा है कि उसकी पत्नी का गांव के ही बबलू नाम के युवक से कथित प्रेम संबंध था. सूरज के मुताबिक, विवाद के दौरान उसकी पत्नी ने भी इस बात को स्वीकार किया था. हालांकि, महिला ने इस आरोप से अलग अपनी बात रखी है.
महिला बोली- बबलू ने की थी जबरदस्ती
शिवानी का कहना है कि बबलू ने एक दिन शौच के दौरान उसके साथ जबरदस्ती की थी. महिला के मुताबिक, लोकलाज के डर से उसने इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया. इस बयान के सामने आने के बाद मामला और उलझ गया है. एक तरफ पति प्रेम संबंध का आरोप लगा रहा है, वहीं महिला जबरदस्ती किए जाने की बात कह रही है.
ससुराल वालों को पहले से थी प्रेग्नेंसी की जानकारी?
मामले में शिवानी के एक और बयान ने नया सवाल खड़ा कर दिया है. महिला का कहना है कि उसके गर्भवती होने की जानकारी ससुराल पक्ष के लोगों को पहले से थी. इस दावे के बाद पति सूरज के उस बयान पर सवाल उठ रहे हैं, जिसमें उसने कहा था कि शादी के करीब डेढ़ महीने बाद उसे पत्नी के गर्भवती होने की जानकारी मिली. अब पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि आखिर गर्भावस्था की जानकारी किसे और कब हुई थी.
40-50 हजार रुपये देकर मामला शांत करने का आरोप
सूरज ने बबलू पर एक और आरोप लगाया है. उसका कहना है कि बबलू 40-50 हजार रुपये देने और सात साल तक बच्चे की परवरिश करने की बात कहकर मामला शांत करने की कोशिश कर रहा था. सूरज ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस थाने में दोनों पक्षों पर समझौता करने का दबाव बना रही थी. हालांकि, पुलिस पर लगाए गए इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
जांच के बाद ही साफ होगी पूरी सच्चाई
थाने में डिलीवरी की इस घटना के बाद कई सवाल सामने आए हैं. पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ससुराल पक्ष को महिला की गर्भावस्था की जानकारी पहले से थी या नहीं. इसके अलावा बबलू पर महिला द्वारा लगाए गए जबरदस्ती के आरोप और पति की ओर से लगाए गए प्रेम संबंध के दावे में कितनी सच्चाई है, यह भी जांच के बाद सामने आएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Also Read: एक मौत, एक आखिरी कॉल और फिर खुला ब्लैकमेलिंग का राज! बस्ती में महिला समेत 3 गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए