जेल से बाहर आते ही आजम खान के बदले तेवर, 2027 के चुनाव पर बोले- यूपी में होगा इंकलाब

Updated:
विज्ञापन

आजम खान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

आजम खान जेल से रिहा, कहा- 2027 में यूपी में होगा इंकलाब. जोहर यूनिवर्सिटी, सरकारी कार्रवाई और भविष्य की राजनीति पर बोले.

विज्ञापन

Azam Khan: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान डासना जेल से रिहा हो गए हैं. हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई. उन्हें लेने के लिए बड़े बेटे अदीब आजम खान, अब्दुल्ला आजम खान और बड़ी संख्या में समर्थक गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे. जेल से बाहर आते ही आजम खान का काफिला रामपुर के लिए रवाना हो गया. मंगलवार रात रामपुर स्थित अपने आवास पहुंचने पर आजम खान का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया. उनके स्वागत के लिए पहले से ही हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे. समर्थकों ने फूल बरसाकर अपने नेता का अभिनंदन किया और जमकर नारेबाजी की. जेल से रिहाई के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत करते हुए आजम खान ने जोहर यूनिवर्सिटी, अपने ऊपर हुई कार्रवाई और यूपी की राजनीति को लेकर कई अहम बयान दिए.

विज्ञापन

यूनिवर्सिटी बनाने वाले को भी बना दिया मुलजिम

रामपुर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खान ने जोहर यूनिवर्सिटी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'बकरी चोरी कराने वाला, भैंस चोरी कराने वाला ईडी का मुलजिम हो सकता है, लेकिन यूनिवर्सिटी बनाने वाला भी मुलजिम बना दिया गया.' उन्होंने आगे कहा कि उनकी मालिक से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो, ताकि वह भी एक यूनिवर्सिटी बना सके. आजम खान का यह बयान उनके समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.

मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान का भी किया जिक्र

आजम खान ने अपनी बातचीत में मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर उनके जमाने में ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी संस्थाएं होतीं तो शायद वे भी यूनिवर्सिटी नहीं बना पाते. इस दौरान उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की साख पर भी सवाल उठाए.

2027 के यूपी विधानसभा चुनाव पर बोले- इंकलाब होगा

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी आजम खान ने अपनी बात रखी. चुनाव में क्या होगा, इस सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि इंकलाब होगा. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी का सफाया तो पहले ही हो चुका है. आजम खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर और न्याय मिलेगा. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी से बदला नहीं लिया जाएगा, बल्कि न्याय किया जाएगा. उनके इस बयान को यूपी की आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

समर्थकों के स्वागत पर भावुक हुए आजम खान

जेल से रिहाई के बाद रामपुर पहुंचे आजम खान समर्थकों के प्यार और स्वागत से भावुक नजर आए. उनके आवास पर बड़ी संख्या में समर्थक जुटे थे. फूलों की बारिश और नारों के बीच आजम खान ने अपने चाहने वालों के लिए कहा, 'तुम जियो हजारों साल.' आजम खान की रामपुर वापसी से जिले की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. अब देखना होगा कि जेल से बाहर आने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता और बयानों का समाजवादी पार्टी की रणनीति और उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ता है.

Also Read: चक्रवात से बदलेगा यूपी का मौसम, इन जिलों में होगी बारिश, 23 नवंबर से फिर बढ़ेगी ठंड

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola