Prayagraj News: माफिया अतीक अहमद के गुर्गों ने मांगा 20 लाख का गुंडा टैक्स, असरफ समेत आधा दर्जन पर मुकदमा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 16 May 2022 12:20 PM
अतीक अहमद के गुर्गे व्यापारियों से गुंडा टैक्स की अवैध वसूली लगातार कर रहे हैं. ताजा मामला पीपल गांव का है, जहां सूरज पाल ने धूमनगंज थाने में तहरीर देते हुए 20 लाख रुपए की अवैध वसूली की शिकायत दर्ज कराई.
Prayagraj News: बाहुबली माफिया अतीक अहमद इस वक्त भले ही गुजरात के साबरमती जेल में निरुद्ध हो, लेकिन उसके गुर्गे व्यापारियों से गुंडा टैक्स की अवैध वसूली लगातार कर रहे हैं. आलम यह है कि शहर पश्चिमी विधानसभा में जमीन का धंधा करने वालों से अक्सर ऐसी वसूली के मामले सामने आते रहते है. ताजा मामला पीपल गांव का है, जहां सूरज पाल ने धूमनगंज थाने में तहरीर देते हुए 20 लाख रुपए की अवैध वसूली की शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़ित ने बताया कि जब वह धूमनगंज के भीटी गांव के पास स्थित अपनी जमीन पर काम करा रहा था, तभी अचानक आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और काम रुकवा दिया. कहा कि जब तक रुपए नहीं देते हो, तब तक यहां काम नहीं करा सकते. पीड़ित सूरज पाल ने पुलिस को बताया अतीक के गुर्गों ने मेरी कनपटी पर असलहा सटाते हुए कहा कि यह जमीन अशरफ विधायक की है, और गाली गलौज करते हुए कहा कि यदि यहां निर्माण करना है तो 20 लाख रुपए देना होगा.
सूरज पाल के इनकार करने पर बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की. साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अतीक अहमद के भाई अशरफ, खालिद जफर, मो. माज, मो. मुस्लिम, दिलीप कुशवाहा, मो. हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कर लिया.
शहर के गंगापार और जमुनापार के क्षेत्रों में आज भी शासन की मंशा के खिलाफ अवैध प्लाटिंग बदस्तूर जारी है. इस संबंध में आए दिन पीडीए को शिकायत मिलती रहती है. बावजूद इसके पीडीए अवैध प्लाटिंग को रोकने में पूरी तरह से नाकाम है. प्रयागराज में अधिकतर सफेदपोस और माफियाओं के गठजोड़ से वर्तमान समय में सत्तापक्ष से जुड़े लोग भी मोटा मुनाफा कमाने के लिए जमीन की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं, जिसके चलते अक्सर इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती है.
अतीक अहमद गिरोह के चार और सदस्यों पर PDA यानी प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से अवैध प्लाटिंग करने का मामला दर्ज किया गया है. जेई बीएन सिंह की ओर से खालिद जफर, अरुण कुमार, दुर्गेश चौहान और मो. मुस्लिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया. मामले की छानबीन चल रही है.
रिपोर्ट- एसके इलाहाबादी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










