Pitbull Attack: गाजियाबाद में पिटबुल का आतंक, 11 साल की बच्ची पर किया हमला, घायल कर दिए दोनों पैर

Pitbull Attack: गाजियाबाद के वैशाली में पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने 11 साल की छात्रा पर हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया. इस खौफनाक हमले का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बच्ची के दोनों पैर पर करीब 21 जख्म आए हैं. फिलहाल, डॉग मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी गई है
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में इन दिनों डॉग्स के हमले (Dog Attack) की लगातार खबरें सामने आ रही हैं. ताजा मामला गाजियाबाद (Ghaziabad) के वैशाली से सामने आया है, जहां पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने 11 साल की छात्रा पर हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया. इस खौफनाक हमले का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बच्ची के दोनों पैर पर करीब 21 जख्म आए हैं.
दरअसल, वैशाली के रामप्रस्था ग्रीन्स सोसायटी में रहने वाली बच्ची, जब पार्क में खेलने गई, उसी वक्त पिटबुल डॉग ने उसपर हमला कर दिया. घायल बच्ची के पिता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले के वक्त पिटबुल डॉग बिना चेन के अकेला घूम रहा था. डॉग के साथ उसका मालिक भी नहीं था. हालांकि, गनीमत रही कि इस दौरान पार्क में अन्य लोग भी मौजूद थे, तो आनन-फानन में डॉग को भगा दिया गया. महज कुछ देर में बच्ची के दोनों पैरों को डॉग ने बुरी तरह से जख्मी कर दिया. फिलहाल, बच्ची का उसके परिजनों ने प्राथमिक उपचार करा दिया है.
घायल बच्ची के पिता उमेश अग्रवाल ने इंदिरापुरम थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पिता ने बताया कि ये घटना बुधवार शाम करीब छह बजे की है. पार्क में गई बेटी की ओर अचानक दौड़कर आए पिटबुल ने हमला कर दिया. बच्ची की दोनों टांगों पर काटकर उसे जख्मी कर दिया. अग्रवाल ने बताया कि ये डॉग पहले भी हमले कर चुका है. इसके अलावा डॉग का नगर निगम में पंजीकरण भी नहीं है.
Also Read: Kanpur News: कानपुर में स्कूल जा रहे छात्र पर रॉटविलर डॉग ने किया अटैक, तीन जगह से फाड़ा पैर का मांस
डॉग्स के हमले का ये पहला मामला नहीं है. इससे पहले लखनऊ, गाजियाबाद और कानपुर के अलावा अलग-अलग शहरों से लगातार इस तरह के मामले दर्ज किए जा रहे हैं. इससे पहले सात सितंबर को राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी में भी डॉग के अटैक का मामला सामने आया था, जहां लिफ्ट में एक महिला अपने पालतू कुत्ते को ले जा रही थी, तभी डॉग ने लिफ्ट में मौजूद एक बच्चे को काट लिया. यह मामला काफी दिन सुर्खियों में बना रहा.
इससे पहले पिटबुल की तरह ही खतरनाक कुत्तों में शामिल रॉटवीलर ने कानपुर में एक बच्चे पर हमला कर दिया था. कानपुर के लाजपत नगर में रॉटविलर डॉग ने 14 साल के छात्र पर हमला किया था. कुत्ते ने छात्र के पैर में तीन जगह काटने के साथ ही कई जगह से मांस नोच लिया. छात्र के पिता की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने कारोबारी के रॉटविलर को अपने कब्जे में ले लिया. वहीं नजीराबाद थाना पुलिस को भी तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sohit Kumar
Passion for doing videos and writing content in digital media. Specialization in Education and Health Story
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




