Rourkela News: कटिंग चौक के पास 13 दुकानों पर चला बुलडोजर, सड़क का होगा चौड़ीकरण

अतिक्रमण हटाता बुलडोजर. | Prabhat Khabar Network
राउरकेला के कटिंग चौक से रामजोड़ी तक सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने 13 अवैध दुकानों को बुलडोजर से गिराया। जानिए पूरी खबर विस्तार से।
Rourkela News: कटिंग चौक के पास बुधवार को प्रशासन का बुलडोजर जमकर गरजा. कटिंग चौक से रामजोड़ी तक सड़क के विस्तार और चौड़ीकरण के लिए करीब 13 दुकानों को बुलडोजर लगाकर जमींदोज कर दिया गया. इस दौरान तहसीलदार की मौजूदगी में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती थी. अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासन को किसी तरह के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा. अब यहां से चौड़ीकरण का काम शीघ्र शुरू किया जायेगा.
प्रशासन क ओर से पूर्व में जारी किया गया था नोटिस
इलाके में वर्षों से करीब 13 दुकानें चल रही थीं. इन्हें प्रशासन की ओर से पिछले दिनों नोटिस जारी कर दुकान खाली करने के लिए कहा गया था. दुकानदारों ने पहले तो प्रशासन से पुनर्वास और मुआवजे की मांग की थी. लेकिन दुकानें अवैध रूप से अतिक्रमिण कर बनायी गयी थीं, लिहाजा मुआवजे पर किसी तरह की बात नहीं बनी. स्थानीय पुलिस ने भी दो दिन पहले मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाया था. जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गयी थी. बुधवार सुबह 10 बजे प्रशासन पूरे साजोसामान के साथ मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गयी.
40 फीट चौड़ी होगी सड़कजानकारी के मुताबिक, नेशनल हाइवे-143 के विस्तार और दूसरे हाइवे को जोड़ने के लिए बुधवार को यह 13 दुकानें तोड़ दी गयीं. यह सड़क नेशनल हाइवे-143 से डेलाकुडा से जुड़ेंगी. इसलिए मुख्य छोर 60 फीट चौड़ा होगा और आगे 40 फीट चौड़ा करने की योजना है. बताया गया कि लाठीकटा तहसील ऑफिस की तरफ से कटिंग चौक के पास यह 13 दुकानें स्थित थीं.
सड़क चौड़ीकरण मार्ग में और भी दुकानें आती हैं, तो हटाया जायेगा
लाठीकटा तहसीलदार मुरलीधर उरमाल ने बताया कि बुधवार को 13 दुकानें हटायी गयी हैं. सड़क चौड़ीकरण के मार्ग में अगर और दुकानें आती हैं, तो उन्हें भी हटाया जायेगा. कार्रवाई के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










