Simdega News: कुरडेग में NGO के नाम पर 200 महिलाओं से 80 लाख की कथित ठगी, 15 हजार की नौकरी का दिया था झांसा
कुरडेग में एनजीओ के नाम पर 200 महिलाओं से 80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। नौकरी का झांसा देकर आरोपी फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
कुरडेग,सिमडेगा: कुरडेग प्रखंड क्षेत्र में एनजीओ के नाम पर करीब 200 महिलाओं से लगभग 80 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. नौकरी देने का झांसा देकर महिलाओं से पैसे लेने का आरोप वीएसके फाउंडेशन से जुड़े लोगों पर लगाया गया है. मामले को लेकर पीड़ित महिलाओं ने कुरडेग थाना में आवेदन दिया है.
आपके शहर में
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, जिला परिषद कॉम्प्लेक्स, कुरडेग में संचालित संस्था के कार्यालय में कार्यरत ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अशोक साय, मनोज साय, अजय साय, अनुपमा खलखो और कलेश्वर प्रधान ने प्रत्येक महिला से करीब 40 हजार रुपये लिये. महिलाओं का आरोप है कि उन्हें छह माह की ट्रेनिंग के बाद 15 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी देने का भरोसा दिया गया था.
यह भी पढ़ें : Simdega News: कोलेबिरा डैम बना शराबियों का अड्डा, शाम होते ही जुटती है भीड़; छठ में बढ़ेगी परेशानी
कार्यालय बंद होने के बाद हुआ ठगी का एहसास
महिलाओं का कहना है कि राशि लेने के बाद कुछ समय तक संस्था का कार्यालय संचालित होता रहा. बाद में कार्यालय बंद कर दिया गया और संस्था से जुड़े लोग फरार हो गये. इसके बाद महिलाओं को अपने साथ कथित ठगी होने का एहसास हुआ. घटना के बाद पीड़ित महिलाओं में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
पीड़ितों के आवेदन के आधार पर कुरडेग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार कुरडेग थाना कांड संख्या 36/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस आरोपों की जांच के साथ नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पुलिस जांच के बाद ही कथित ठगी की राशि, आरोपियों की भूमिका और महिलाओं को नौकरी देने के वादे से जुड़े आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए