महिला हॉकी में सेमीफाइनल की चारों टीमें तय, सातवें दिन खेले गये 18 मुकाबले

Updated:
विज्ञापन

खिलाड़ियों के साथ हॉकी झारखंड के महासचिव व अन्य | Prabhat Khabar Network

सिमडेगा हॉकी चैंपियनशिप के सातवें दिन 18 मैच खेले गए. महिला वर्ग में चार टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि पुरुष वर्ग में लीग मुकाबले जारी हैं.

विज्ञापन

सिमडेगा. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित 21वें मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला-पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में शुक्रवार को सातवें दिन 18 मुकाबले खेले गये. अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में एक साथ मुकाबले होने से प्रतियोगिता रोमांचक बनी हुई है. सात दिनों में महिला वर्ग के 36 और पुरुष वर्ग के 35, कुल 71 मैच खेले जा चुके हैं. महिला और पुरुष वर्ग की 58 टीमों के बीच कुल 128 मुकाबले खेले जाने हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

महिला वर्ग में चार टीमों ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

महिला वर्ग के चार क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सीओई सिमडेगा 'ए', एसटीसी सिमडेगा, सेंट जेवियर बरवाडीह और लोम्बोई ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सीओई सिमडेगा 'ए' ने टाटा सीनी जलडेगा को 7-0 से हराया. एसटीसी सिमडेगा ने मिनी शक्ति नारी सिमडेगा को 3-0 से पराजित किया. सेंट जेवियर बरवाडीह ने यूसी रेंगारीह को 1-0 से शिकस्त दी, जबकि लोम्बोई ने सेंट अन्ना तैंसेर को 1-0 से हराकर अंतिम चार में स्थान पक्का किया.

पुरुष वर्ग में 14 लीग मुकाबले

पुरुष वर्ग में लिटिल टाइगर ने मिनी ब्रदर को 4-2, जीलिंगा ताराबोंगा ने कोचेडेगा ग्रामीण को 5-0, लोम्बोई ने एबी ब्रदर्स आसनबेड़ा को 4-1 और हेठमा पंचायत ने गोंडवाना क्लब सलडेगा को 5-1 से हराया. मास्टर ब्रदर ने कुडापानी 'ए' को 3-0 और डिंगुरपानी ने टाटा सीनी जलडेगा को 1-0 से पराजित किया.

कुडापानी 'बी' ने आरसी कोचेडेगा को 9-0 से हराया. केवीएस सिमडेगा 'ए' ने पीएम श्री बासेन को 2-0 से शिकस्त दी. कुरसकेला और बिधनईन टोली का मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा. गोंडवाना ब्रदर और सुरीन ब्रदर भी 2-2 की बराबरी पर रहे. मांझी क्लब आसनबेड़ा ने आदिवासी हॉस्टल 'बी' को 3-0 से हराया. आदिवासी हॉस्टल 'ए' ने रेगारी को 5-2, सेंट अन्ना समटोली 'ए' ने तैसेर ग्रामीण को 1-0 और श्री माधव हरि छात्रावास ने रेंगारबाहर पीडियापोस को 5-0 से पराजित किया.

तकनीकी टीम कर रही लगातार मेहनत

हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 29 अगस्त से 12 सितंबर तक चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. दोनों मैदानों पर लगातार मुकाबले कराये जा रहे हैं. प्रतियोगिता को सफल बनाने में हॉकी सिमडेगा के तकनीकी पदाधिकारी पंखरासियस टोप्पो की अगुवाई में पूरी तकनीकी टीम सुबह से शाम तक लगातार मेहनत कर रही है.

आयोजकों के अनुसार, एक साथ दो मैदानों पर लगातार मैचों का आयोजन सिमडेगा हॉकी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बनता जा रहा है. शनिवार को सुबह नौ बजे से अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में मुकाबले शुरू होंगे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola