सिमडेगा : रोमांचक फाइनल में बिरकेरा ने पिंडाटांगर को हराकर जीता रसैल केरकेट्टा मेमोरियल हॉकी का खिताब
खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते विधायक व अन्य | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा में आयोजित 19वीं स्व. रसैल केरकेट्टा मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में बिरकेरा ने पिंडाटांगर को 3-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
रविकांत साहू की रिपोर्ट सिमडेगा. सदर प्रखंड के बिंधाईनटोली में आयोजित 19वीं स्व. रसैल केरकेट्टा मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा. फाइनल में बिरकेरा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पिंडाटांगर को 3-2 गोल से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया. मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया. रोमांचक मुकाबले का दर्शकों ने जमकर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
आपके शहर में
विजेता और उपविजेता टीम सम्मानित
फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि विधायक भूषण बाड़ा और विशिष्ट अतिथि वीरू भिखारिएट डीन फा. हेरमन खलखो तथा जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
सिमडेगा की पहचान हॉकी
इस मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सिमडेगा की पहचान हॉकी से है. ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की. विधायक ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इससे सम्मानजनक भविष्य और रोजगार का रास्ता भी खुल सकता है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल तथा शिक्षा से जुड़ने की अपील की.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना जरूरी
जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हॉकी को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है. इससे गांवों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलता है. उन्होंने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा लगातार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रहे हैं. वहीं डीन फा. हेरमन खलखो ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की शुभकामना दी.
ये भी पढ़ें: सिमडेगा : हाथियों के बढ़ते खतरे के बीच गांव पहुंचे कोलेबिरा विधायक, ग्रामीणों को दी सहायता राशि
आयोजन में इनकी रही भूमिका
मौके पर पल्ली पुरोहित सह भिखारिएट डीन फा. हेरमन खलखो, उप प्रमुख सह प्रखंड अध्यक्ष सिल्वेस्टर बाघवार, संदीप तिग्गा, मारकूस कुजूर समेत स्कूल के फादर, सिस्टर और शिक्षक मौजूद थे. प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष सिप्रियन डुंगडुंग, कोषाध्यक्ष रतन बिलुंग, सचिव सिप्रियन समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए