तितिरबिला-सिनीसीदमा-मगरकेला मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन बंद, अगले आदेश तक रोक
सरायकेला-राजनगर मार्ग पर सड़क मरम्मत के चलते भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है. प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग की जानकारी दी है.
राजनगर : सरायकेला राजनगर मुख्य मार्ग पर सड़क के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. उपायुक्त के निर्देश पर 12 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक राजनगर से सरायकेला जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक एवं भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है. जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है.
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ प्रतिबंध
डीटीओ शंकराचार्य सामड ने बताया कि विभाग के आदेश अनुसार राजनगर-सरायकेला मार्ग पर तितिरबिला, सिनीसीदमा एवं मगरकेला होते हुए सरायकेला तक सड़क का पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य किया जाना है. निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों के परिचालन से काम प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले आदेश तक जारी रहेगा.
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है. सरायकेला से राजनगर जाने वाले मालवाहक एवं भारी वाहनों को अब सरायकेला से चाईबासा होते हुए राजनगर जाना होगा. निर्माण कार्य पूरा होने तक संबंधित वाहनों को इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा.
गड्ढों के कारण लगातार फंस रहे थे भारी वाहन
मालूम हो कि राजनगर-सरायकेला मार्ग के नामीबेड़ा तथा सारंगपोसी गांव के केनाल से मझला दावना के बीच सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो गयी है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से भारी वाहनों का परिचालन मुश्किल हो गया है.करीब दो सप्ताह पूर्व सारंगपोसी में सड़क के गड्ढे में भारी वाहन फंसने के बाद ग्रामीणों ने भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी थी.
पिछले दिनों सारंगपोसी में गड्ढे में फंसे थे कई वाहन
इसके बाद पिछले दिनों सारंगपोसी में ही एक के बाद एक कई भारी वाहन सड़क के गड्ढों में फंस गये थे. इससे करीब 72 घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा था. काफी मशक्कत के बाद वाहनों को निकाला गया था. सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सारंगपोसी के ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था. ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला थाना तथा राजनगर थाना प्रभारी को भी दी गयी थी. ग्रामीणों की लगातार शिकायत, सड़क की जर्जर स्थिति और भारी वाहनों के फंसने से उत्पन्न हो रही समस्या को देखते हुए प्रशासन ने अब निर्माण कार्य पूरा होने तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाकर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए