दो साल से अटकी चौकीदारों की बहाली, नाराज अभ्यर्थियों ने डीसी ऑफिस पर किया प्रदर्शन
बहाली को लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे अभ्यर्थी.
सरायकेला-खरसावां में 357 ग्रामीण चौकीदारों की भर्ती दो साल से अटकी है. नाराज अभ्यर्थियों ने डीसी ऑफिस पहुंचकर जल्द बहाली प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है.
सरायकेला : सरकारी नौकरी की आस लगाये बैठे सैकड़ों युवाओं का इंतजार दो साल बीत जाने के बाद भी खत्म नहीं हुआ है. सरायकेला-खरसावां जिले में ग्रामीण चौकीदार के 357 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए वर्ष 2024 में निकाली गयी बहाली प्रक्रिया अब तक अधर में लटकी है. नियुक्ति में हो रही लगातार देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और पूरी प्रक्रिया को अविलंब पूरा करने की मांग उठायी.
विज्ञापन संख्या 01/2024 के तहत मांगे गये थे आवेदन
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय की सामान्य शाखा द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2024 जारी कर ग्रामीण चौकीदार के 357 पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे. इसके तहत आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2024 तय की गयी थी. विज्ञापन में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का हवाला देते हुए बहाली प्रक्रिया को तय समय सीमा के भीतर निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से पूरी करने की बात कही गयी थी.
30 अगस्त 2024 तक पूरी होनी थी बहाली, बीत गए दो साल
अभ्यर्थियों के अनुसार, विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत पूरी चयन प्रक्रिया 30 अगस्त 2024 तक संपन्न कर ली जानी थी. लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर फाइलें आगे नहीं बढ़ सकीं. सितंबर 2026 आ चुका है और दो साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे युवाओं में भारी निराशा और असंतोष है.
असमंजस में सैकड़ों युवाओं का भविष्य
अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने तय समय पर निर्धारित शुल्क और सभी जरूरी दस्तावेज जमा किए थे. कई अभ्यर्थी लंबे समय से शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और चयन सूची जारी होने की राह देख रहे हैं. प्रशासनिक उदासीनता के कारण युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है और वे गंभीर मानसिक तनाव व असमंजस के दौर से गुजर रहे हैं.
डीसी से प्रक्रिया अविलंब शुरू कराने की मांग
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से इस गंभीर मामले में सीधे हस्तक्षेप करने की गुहार लगायी है. उन्होंने मांग की कि लंबित भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति स्पष्ट की जाए और आगामी चरणों की निश्चित तिथियां घोषित कर बहाली को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि बेरोजगार युवाओं को राहत मिल सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए