छत टपकती है, प्लास्टर गिरता है... फिर भी उसी भवन में पढ़ने को मजबूर हैं 70 मासूम... यहां पढ़े धुनाडीह के बच्चों की कहानी

Updated:
विज्ञापन

प्राथमिक विद्यालय धुनाडीह का जर्जर स्कूल भवन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सरायकेला के धुनाडीह प्राथमिक विद्यालय का भवन जर्जर, छत से पानी टपकने से 70 बच्चे परेशान. ग्रामीणों ने 15 दिनों में कार्रवाई करने की दी चेतावनी.

विज्ञापन

खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड की रूगुडीह पंचायत के धुनाडीह स्थित प्राथमिक विद्यालय की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों का आक्रोश फूट पड़ा है. पांच दशक पुराने इस विद्यालय भवन की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि यहां नामांकित 70 नौनिहाल जान जोखिम में डालकर डर के साये में पढ़ाई करने को विवश हैं. बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने के कारण बच्चों को तिरपाल के सहारे अथवा खुले आसमान के नीचे बैठाना पड़ता है.

विज्ञापन

अभिभावकों की बैठक में फूटा आक्रोश

प्राथमिक विद्यालय धुनाडीह के छज्जा से गिर रहे प्लास्टर | Prabhat Khabar Network
छज्जा से गिर रहे प्लास्टर

विद्यालय की बदहाली को लेकर ग्राम प्रधान प्रदीप मुंडा की अध्यक्षता में ग्रामीणों व अभिभावकों की एक बैठक हुई. बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि कक्षा की दीवारों में जगह-जगह चौड़ी दरारें आ चुकी हैं और छत के कई हिस्से कभी भी ढह सकते हैं. बरसात में कमरों में जलजमाव होने से पठन-पाठन ठप हो जाता है. अभिभावकों ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सरकार सुरक्षित शिक्षा का दावा तो करती है, लेकिन यहां बच्चे हर पल खतरे के बीच बैठते हैं.

कई बार लगायी गुहार, नहीं जागा शिक्षा विभाग

धुनाडीह स्थित प्राथमिक विद्यालय भवन जर्जर रहने के कारण स्कूल के बाहर बैठे बच्चे तथा बैठक में पहुंचे ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
स्कूल के बाहर बैठे बच्चे

बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय भवन की खस्ताहाली की जानकारी शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों को कई बार लिखित रूप से दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक न तो नया भवन स्वीकृत हुआ और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गयी. ग्रामीणों ने दोटूक कहा कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से शिक्षा विभाग को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है. ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर नए भवन निर्माण या सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था पर ठोस पहल नहीं हुई, तो वे विद्यालय में तालाबंदी कर अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे. किसी भी अप्रिय घटना की सीधी जवाबदेही शिक्षा विभाग और प्रशासन की होगी.

1971 से संचालित है विद्यालय

धुनाडीह स्थित प्राथमिक विद्यालय भवन जर्जर रहने के कारण स्कूल के बाहर बैठे बच्चे तथा बैठक में पहुंचे ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
बैठक में पहुंचे ग्रामीण

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1971 में स्थापित इस प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक की कक्षाएं संचालित होती हैं. वर्तमान में करीब 70 विद्यार्थी नामांकित हैं, लेकिन दशकों पुराने भवन की मरम्मत नहीं होने से स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है. बैठक में वार्ड सदस्य सरवाला मुंडा, शिक्षक जगमोहन जामुदा, मधुसूदन मुंडा, इंद्रजीत मुंडा, हरिश्चंद्र नाग, गुरुचरण मुंडा, सुखलाल मुंडा, सुकुर मुंडा, दिगी मुंडा, आसामनी मुंडा, सुकरा लोहार, जितेंद्र मुंडा, बलदेव मुंडा, इंद्रदेव मुंडा, राम सिंह मुंडा और गुरुदयाल मुंडा समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola