चांडिल डैम में तैनात होमगार्ड जवानों का 18 माह से मानदेय बकाया, भुगतान की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

Updated:
विज्ञापन

चांडिल डैम में तैनात होमगार्ड जवानों का 18 महीने से मानदेय बकाया है. भुगतान की मांग को लेकर एसोसिएशन ने कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपा और आंदोलन की चेतावनी दी.

विज्ञापन

चांडिल। चांडिल डैम स्थित यांत्रिक प्रमंडल में तैनात होमगार्ड जवानों का पिछले 18 माह से मानदेय लंबित रहने का मामला सामने आया है. बकाया भुगतान की मांग को लेकर झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की जिला इकाई ने शनिवार को यांत्रिक प्रमंडल चांडिल के कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. ज्ञापन में कहा गया है कि चांडिल डैम के यांत्रिक विभाग में कार्यरत होमगार्ड जवानों का मानदेय फरवरी 2024 से अब तक नहीं मिला है.

आपके शहर में

विज्ञापन

लगातार डेढ़ वर्ष से भुगतान नहीं होने के कारण जवानों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है. कई जवान बच्चों की स्कूल फीस जमा करने और घर का खर्च चलाने में असमर्थ हैं. मजबूरी में उन्हें कर्ज लेकर परिवार का भरण-पोषण करना पड़ रहा है. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रकाश पूर्ति ने कहा कि जवान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समय पर मानदेय नहीं मिलने से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है.

उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब बकाया राशि का भुगतान कराने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो एसोसिएशन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रकाश पूर्ति, जिला उपाध्यक्ष विजय प्रमाणिक, कार्यकारिणी अध्यक्ष सुकराम महतो, प्रसाद महतो, अरुण कुमार मुर्मू, समीर उरांव, पद्दलोचन महतो, जितेंद्र महतो, नरेश महतो, जलेश्वर सिंह सरदार, आजू भुईंया, घासीराम महतो, अनुप हेम्ब्रम, जयदेव महतो आदि उपस्थित थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola