100 मजदूरों के लक्ष्य पर महज 4 से 27 को काम, सात रोजगार सेवकों से जवाब-तलब
ताल झाड़ी प्रखंड मुख्यालय | Prabhat Khabar Network
विकास योजनाओं की धीमी प्रगति, 100 मजदूरों के लक्ष्य पर 4-27 को काम. ई-केवाइसी, जियो टैगिंग भी लंबित. प्रशासन सख्त, जवाब तलब.
तालझारी : प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास और रोजगार योजनाओं की खराब प्रगति को लेकर प्रखंड प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. बीडीओ ने समीक्षा बैठक और विभागीय निर्देशों की अनदेखी के आरोप में सात रोजगार सेवकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. सभी से 24 घंटे के भीतर बिंदुवार और साक्ष्य के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्चाधिकारियों से दंडात्मक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी.
आपके शहर में
100 मजदूरों के लक्ष्य के मुकाबले 4 से 27 को ही मिला काम
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई पंचायतों में प्रतिदिन 100 मजदूरों को रोजगार देने के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 4 से 27 मजदूरों को ही काम दिया गया. जुलाई में मानव दिवस सृजन की उपलब्धि भी कई पंचायतों में 7 से 25.5 प्रतिशत तक रही.
ई-केवाइसी और आफ्टर जियो टैगिंग भी लंबित
वहीं सक्रिय श्रमिकों का ई-केवाइसी और पूर्ण योजनाओं की आफ्टर जियो टैगिंग का कार्य भी लंबित पाया गया. खराब प्रगति और लंबित कार्यों को लेकर प्रशासन ने संबंधित रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण मांगा है.
इन सात रोजगार सेवकों को जारी हुआ नोटिस
नोटिस पानेवालों में बाकुड़ी की मेरी टुडू, बड़ी भगियामारी के मनोज कुमार दुबे, भतभंगा संथाली के अरुण कुमार उपाध्याय, वृंदावन की रेणुकला, कल्याणी की रेणुका कुमारी रजक, मोतीझरना की सबीना प्रवीन और सालगाछी संथाली के पंकज मोहन शामिल हैं.
‘रोजगार उपलब्ध कराने में कोताही बर्दाश्त नहीं’
सीओ सह बीडीओ राम सुमन प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए