गांव तक नहीं पहुंची एंबुलेंस तो गर्भवती को खाट पर 4 किमी ढोकर अस्पताल ले गये ग्रामीण
खाट पर मरीज को ले जाते ग्रामीण। Prabhat Khabar Network
बोरियो में कच्ची सड़क के कारण गर्भवती महिला को खाट पर 4 किमी तक ले जाना पड़ा. एंबुलेंस गांव तक न पहुंच सकी, जिससे बुनियादी सुविधाओं की कमी उजागर हुई.
बोरियो के पोड़ैया बेड़ो गांव की तस्वीर ने खोली बदहाल सड़क की पोल, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी
सोनू ठाकुर, प्रतिनिधि, बोरियो. गांव तक पक्की सड़क नहीं होने का खामियाजा एक गर्भवती महिला को भुगतना पड़ा. बोरियो प्रखंड के मोतीपहाड़ी बड़ा पंचायत अंतर्गत पोड़ैया बेड़ो गांव में प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला को खाट पर लिटाकर कंधे के सहारे करीब चार किलोमीटर तक कीचड़ भरे कच्चे रास्ते से ले जाना पड़ा. गांव तक 108 एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद ग्रामीणों ने खाट को ही एंबुलेंस बना दिया. बाद में टोटो की मदद से महिला को बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
एंबुलेंस नहीं पहुंची, तो खाट पर ले गए ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, पोड़ैया बेड़ो गांव निवासी बुधना पहाड़िया की 19 वर्षीय पत्नी सुकुरमुनी पहाड़िन को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन किया. लेकिन गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस चालक ने गांव जाने से इनकार कर दिया.
स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने खाट का इंतजाम किया. गर्भवती महिला को उस पर लिटाकर कंधे पर उठाया और करीब चार किलोमीटर तक कीचड़ भरे कच्चे रास्ते से चलते हुए पोड़ैया संथाली गांव तक पहुंचे. वहां से टोटो यानी ई-रिक्शा की मदद से महिला को बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
प्रधान बोले- कई बार आंदोलन किया, फिर भी नहीं बनी सड़क
ग्राम प्रधान चांदू मालतो ने बताया कि पोड़ैया बेड़ो गांव तक आज तक पक्की सड़क नहीं बनी है. बरसात के दिनों में प्रखंड मुख्यालय से गांव का संपर्क पूरी तरह टूट जाता है. मरीजों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को रोज पगडंडियों और कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कई बार प्रखंड से जिला स्तर तक आवेदन दिया और आंदोलन भी किया, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई.
ग्रामीणों ने की पक्की सड़क बनाने की मांग
गर्भवती महिला को खाट पर ले जाने की घटना ने एक बार फिर सुदूर पहाड़िया बहुल गांवों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पोड़ैया बेड़ो गांव तक अविलंब पक्की सड़क बनाने की मांग की है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
