रात दो बजे आया फोन, ससुराल पहुंचे पिता तो फर्श पर अचेत मिली बेटी : पति हिरासत में
विवाहिता महिला की शव के पास उपस्थित स्थानीय ग्रामीण.
झारखंड के उधवा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत. पिता के आरोप पर पति हिरासत में, पुलिस मामले की जांच में जुटी.
प्रतिनिधि, उधवा : राधानगर थाना क्षेत्र के मनिहारी टोला बंगालीपाड़ा में गुरुवार एवं शुक्रवार की देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतका की पहचान कल्पना सरदार के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतका के पिता अशोक सरदार ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है.
आपके शहर में

पति ने फोन कर बताया पेट में तेज दर्द
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका के पिता अशोक सरदार, निवासी अबला थाना फरक्का, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार देर रात करीब दो बजे उनके दामाद संदीप मंडल ने उनके भांजे समीर सरदार को फोन कर कल्पना के पेट में तेज दर्द होने की बात बताई. सूचना मिलने पर उन्होंने संदीप से अपनी बेटी से बात कराने को कहा, लेकिन संदीप ने कल्पना की हालत गंभीर बताते हुए फोन काट दिया.
ससुराल पहुंचने पर फर्श पर मिली अचेत
इसके बाद अशोक सरदार अपने बेटे सूरज सरदार और भांजे समीर सरदार के साथ रात में ही मनिहारी टोला बंगालीपाड़ा स्थित अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे. वहां उन्होंने कल्पना को घर के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा. आवेदन में उन्होंने बेटी के गले पर चोट के निशान तथा पीठ में सूजन होने का उल्लेख किया है.
पिता ने लगाया मारपीट और हत्या का आरोप
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि उनके दामाद संदीप मंडल का किसी अन्य महिला से कथित अवैध संबंध था और इसी बात को लेकर वह काफी समय से कल्पना के साथ मारपीट एवं विवाद करता था. उन्होंने दामाद संदीप मंडल, बेटी के ससुर निवारण मंडल और सास सुमित्रा मंडल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.
पति हिरासत में, पुलिस ने शुरू की जांच
इधर, घटना की सूचना मिलते ही राधानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मृतका के पति संदीप मंडल को हिरासत में ले लिया है. राधानगर पुलिस ने मामले में थाना कांड संख्या 315/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी पति के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
विवाहिता की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए