113 करोड़ खर्च के बाद भी चालू नहीं हुआ रांची का ट्रांसपोर्ट नगर, दो बार टेंडर के बावजूद नहीं मिली एजेंसी

Updated:
विज्ञापन

उद्घाटन के दो साल बाद भी ट्रांसपोर्ट नगर का इंतजार, एजेंसी नहीं मिलने से अटका संचालन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रांची के करोड़ों की लागत वाले ट्रांसपोर्ट नगर का संचालन अधर में लटका है. दो बार टेंडर के बावजूद एजेंसी न मिलने से शहरवासियों को जाम से राहत मिलने में देरी हो रही है.

विज्ञापन

Ranchi Transport Nagar: राजधानी रांची को जाम से राहत दिलाने और भारी वाहनों के परिचालन को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से कांके के सुकुरहुटू में बनाया गया ट्रांसपोर्ट नगर अब तक चालू नहीं हो सका है. करीब 113 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार इस परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन तीन अक्तूबर 2024 को हुआ था. लेकिन उद्घाटन के दो साल बाद भी यहां नियमित रूप से ट्रांसपोर्टिंग से जुड़ी गतिविधियां शुरू नहीं हो पायी हैं. संचालन के लिए दो बार टेंडर जारी किये जाने के बावजूद एजेंसी नहीं मिल सकी है. ऐसे में करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार की गयी इस परियोजना का लाभ अब तक शहरवासियों और ट्रांसपोर्टरों को नहीं मिल पा रहा है.

विज्ञापन

ये भी पढ़ें: Chatra NTPC Accident: निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट में हादसा, तीन की मौत; एक घायल

दो बार टेंडर निकला, नहीं मिली संचालन एजेंसी

ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन और रखरखाव के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू की गयी थी. इसके लिए पीपीपी मॉडल पर पांच साल की अवधि को लेकर टेंडर जारी किया गया. हालांकि, दो बार निविदा निकालने के बाद भी कोई एजेंसी सामने नहीं आयी. एजेंसी का चयन नहीं होने के कारण संचालन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है. नतीजतन, परिसर में विकसित की गयी सुविधाओं का इस्तेमाल भी अपेक्षित रूप से नहीं हो रहा है.

चैंबर ने परिवहन सचिव से की जल्द संचालन की मांग

ट्रांसपोर्ट नगर को जल्द चालू कराने की मांग झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से भी उठायी गयी है. चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने 24 सितंबर 2026 को परिवहन सचिव राजीव रंजन से मुलाकात कर इस परियोजना के संचालन और आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का आग्रह किया था. प्रतिनिधिमंडल ने कहा था कि ट्रांसपोर्ट नगर के चालू होने से शहर में भारी वाहनों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों को एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा. चैंबर ने ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक कर उनकी जरूरतों के अनुरूप परिसर आवंटन, किराया और लीज की व्यवस्था तय करने का सुझाव दिया था. इस पर परिवहन सचिव ने नगर विकास विभाग के साथ स्थल का संयुक्त निरीक्षण कराने और आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा के बाद आवंटन प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया था.

ये भी पढ़ें: ख्रीस्त राजा पर्व 22 नवंबर को, रांची में संत मरिया महागिरजाघर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

40 एकड़ जमीन पर विकसित किया गया है पहला चरण

सुकुरहुटू में ट्रांसपोर्ट नगर का पहला चरण करीब 40 एकड़ जमीन पर विकसित किया गया है. इस पर 113 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये गये हैं. यहां 400 से अधिक वाहनों की पार्किंग की क्षमता के साथ गोदाम, कार्यालय, चालकों के ठहरने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं विकसित की गयी हैं. इस परियोजना का उद्देश्य शहर के भीतर अलग-अलग स्थानों पर संचालित ट्रांसपोर्ट कारोबार को एक जगह व्यवस्थित करना है.

चालू होने से शहर को मिलेगी जाम से राहत

ट्रांसपोर्ट नगर के शुरू होने से रांची के प्रमुख मार्गों पर मालवाहक वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है. वर्तमान में शहर के विभिन्न इलाकों में ट्रांसपोर्ट से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं. इससे कई स्थानों पर भारी वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और माल की लोडिंग-अनलोडिंग के कारण यातायात प्रभावित होता है. ट्रांसपोर्ट नगर चालू होने पर इन गतिविधियों को शहर से बाहर एक निर्धारित परिसर में व्यवस्थित किया जा सकेगा. फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती संचालन के लिए एजेंसी का चयन करना है. इसके बाद परिसर आवंटन, किराया और लीज से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी होगी. अब देखना होगा कि विभाग इस दिशा में कब तक ठोस निर्णय लेता है और रांचीवासियों को ट्रांसपोर्ट नगर का लाभ कब से मिलना शुरू होता है.

ये भी पढ़ें: 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह, इस बार नहीं होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola