रांची के नयासराय ROB पर दिसंबर से फर्राटा भरेंगे वाहन, 10 दिनों में पूरा होगा बचा काम
रेलवे क्रॉसिंग के जाम से मिलेगी मुक्ति, दिसंबर में चालू होगा नयासराय आरओबी
रांची के नयासराय आरओबी का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है. दिसंबर में इसके चालू होने से 7 साल के इंतजार के बाद लोगों को रेलवे क्रॉसिंग के जाम से बड़ी राहत मिलेगी.
Nayasarai ROB Ranchi: नयासराय रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है. आरओबी के दोनों ओर रैंप का निर्माण पूरा कर लिया गया है. अब केवल अलकतरा बिछाने का काम बाकी है, जिसे अगले 10 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद आरओबी पर वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया जायेगा. पथ निर्माण विभाग ने इसे हर हाल में दिसंबर में चालू करने का निर्देश दिया है.
ये भी पढ़ें: अब बिजली की शिकायतों के लिए नहीं काटने होंगे दफ्तरों के चक्कर, रांची में लगेंगे विशेष कैंप
अभियंता प्रमुख ने किया आरओबी का निरीक्षण
मंगलवार को पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख प्रवीण भेंगरा, कार्यपालक अभियंता विनोद कच्छप सहित इंजीनियरों की टीम नयासराय आरओबी की स्थिति का जायजा लेने पहुंची. अभियंता प्रमुख ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि दिसंबर में आरओबी को आम लोगों के लिए चालू किया जा सके. फिलहाल आरओबी के एक ओर से दूसरी ओर वाहनों की आवाजाही हो रही है, लेकिन अलकतरा बिछाने का काम पूरा करने के लिए यातायात रोक दिया गया है. विभाग का लक्ष्य है कि शेष काम निर्धारित समय में पूरा कर आवागमन शुरू करा दिया जाये.
सात साल बाद पूरा होने जा रहा निर्माण कार्य
नयासराय आरओबी का निर्माण कार्य करीब सात साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन निर्धारित समय में पूरा नहीं हो सका. तत्कालीन ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया था. इसके बाद नये ठेकेदार का चयन कर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया. मुख्यमंत्री ने भी आरओबी का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया था. इसके बाद निर्माण कार्य में तेजी आयी. अब सात साल के लंबे इंतजार के बाद आरओबी चालू होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! रांची होकर चलने वाली 14 ट्रेनें रद्द, हटिया-पुणे और हटिया-मुंबई एक्सप्रेस भी शामिल
रेलवे क्रॉसिंग पार करने से मिलेगी राहत
नयासराय आरओबी के चालू होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी. अभी रेलवे लाइन के कारण लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पार करनी पड़ती है. ट्रेनों के गुजरने के दौरान क्रॉसिंग बंद रहने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. आरओबी शुरू होने के बाद वाहन चालक रेलवे क्रॉसिंग से बचे बिना सीधे एक ओर से दूसरी ओर जा सकेंगे. इससे आवागमन सुगम होने के साथ जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
