रांची में IND vs WI T20 से पहले बढ़ेगी टिकट की कीमत? JSCA में तैयारियां शुरू, जानें कब होगा मैच
IND vs WI T20
रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के लिए टिकट की कीमतें बढ़ सकती हैं. तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन जारी है.
रांची से सुनील कुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
रांची: जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्तूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर जेएससीए प्रबंधन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस बार मैच देखने के लिए दर्शकों को पिछली बार की तुलना में अधिक जेब ढीली करनी पड़ सकती है. जेएससीए सूत्रों के अनुसार अलग-अलग स्टैंड के टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है. हालांकि, टिकट की अंतिम दर और बिक्री शुरू होने की तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गयी है.
मैच में करीब एक माह का समय शेष है. ऐसे में जेएससीए प्रबंधन स्टेडियम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है. स्टेडियम के मेंटेनेंस का काम जल्द शुरू किया जायेगा. साथ ही इंटरनल सिक्योरिटी व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है. रात में होने वाले मुकाबले को देखते हुए फ्लड लाइट्स की टेस्टिंग भी करायी जायेगी.
मैच से पहले स्टेडियम के प्रवेश द्वार, दर्शक दीर्घा समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जायेगा, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
30 नवंबर 2025 को हुआ था आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच
जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में अब तक करीब एक दर्जन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें ज्यादातर मैचों में भारतीय टीम को जीत मिली है. स्टेडियम में आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 30 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे के रूप में खेला गया था. इस मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 17 रन से हराया था.
9 अक्तूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला टी-20 मुकाबला रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास होगा. टिकट की कीमत और बिक्री की तारीख को लेकर अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए