NAAC Grade list: संत जेवियर्स कॉलेज रांची का ग्रेडिंग गिरा, जानें झारखंड के अन्य कॉलेजों का क्या है हाल
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 04 Jul 2022 7:23 AM
रांची का संत जेवियर्स कॉलेज का नैक ग्रेडिंग इस साल गिर गया है. साल 2013 में इस कॉलेज को ए ग्रेड मिला था. लेकिन इस बार बी प्लस ग्रेड मिला है. ऑटोनोमस का दर्जा मिलने के बाद कॉलेज विथ पोटेंसियल फॉर एक्सीलेंस का दर्जा मिला हुआ है.
रांची : ऑटोनोमस का दर्जा प्राप्त संत जेवियर्स कॉलेज का नैक ग्रेडिंग इस बार गिर गया है. वर्ष 2013 से इस कॉलेज को नेशनल असेसमेंट एंड एक्रिडिएशन काउंसिल (नैक) से ए ग्रेड (सीजीपीए 3.2) मिला था, लेकिन इस वर्ष इसे बी प्लस ग्रेड (सीजीपीए 2.51) मिला है. नैक द्वारा निरीक्षण करने के बाद इस वर्ष झारखंड के कई संस्थानों का ग्रेडिंग जारी किया गया है.
2005 में संत जेवियर्स कॉलेज को ऑटोनोमस का दर्जा मिलने के बाद वर्ष 2006 से ही इस कॉलेज को यूजीसी द्वारा कॉलेज विथ पोटेंसियल फॉर एक्सीलेंस का भी दर्जा मिला हुआ है. वहीं नैक ने बीआइटी सिंदरी का निरीक्षण तो किया, लेकिन ग्रेडिंग जारी नहीं कर उसे मार्च 2022 में ही लंबित (केप्ट इन एबियंस) रख दिया है.
नैक द्वारा 2022 जनवरी से अब तक जारी ग्रेडिंग लिस्ट के अनुसार, गौतम बुद्धा टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज हजारीबाग और पटमदा डिग्री कॉलेज जमशेदपुर को बी ग्रेड मिला है. धनबाद स्थित गुरुनानक कॉलेज अपने ग्रेड को लेकर अपील में गया था, लेकिन नैक द्वारा इसके ग्रेड में कोई परिवर्तन नहीं किया गया. कॉलेज को बी ग्रेड ही मिला. ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन झुमरीतिलैया को भी बी ग्रेड मिला है.
रांची विवि, कोल्हान विवि और विनोबा भावे विवि को नैक द्वारा दी गयी ग्रेडिंग की अवधि समाप्त हो गयी है. रांची विवि को नैक द्वारा बी प्लस दिया गया था. जिसकी अवधि एक मई 2022 को ही समाप्त हो गयी. इसी प्रकार कोल्हान विवि को नैक द्वारा सी ग्रेड दिया गया, जिसकी अवधि 24 मई 2021 को ही समाप्त हो गयी. विनोबा भावे विवि को नैक द्वारा बी ग्रेड दिया गया. इसकी अवधि 16 मार्च 2021 को समाप्त हो गयी है. सिदो-कान्हू मुर्मू विवि को नैक द्वारा सी ग्रेड दिया गया है. इसकी अवधि एक नवंबर 2023 को समाप्त हो रही है. केंद्रीय विवि, झारखंड को नैक द्वारा बी ग्रेड 2.34 दिया गया.
राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत अब उन्हीं विवि व कॉलेजों को केंद्रीय राशि मिलेगी, जिन्हें नैक से मान्यता मिली होगी. झारखंड उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग ने सभी विवि, कॉलेजों व संस्थानों को वर्ष 2023 तक नैक से मान्यता ले लेने का निर्देश दिया है. झारखंड में लगभग 60 प्रतिशत शिक्षण संस्थान को नैक से मान्यता नहीं मिली है. विभाग ने चेतावनी दी है कि मान्यता नहीं रहने पर ऐसे संस्थानों को बंद कर दिया जायेगा.
Posted By: Sameer Oraon
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










