अकवान तूफान को लेकर झारखंड में बिजली विभाग अलर्ट, बिजली बहाली के लिए तैयारियां तेज
सांकेतिक तस्वीर
अकवान तूफान के चलते झारखंड में बिजली विभाग अलर्ट पर है. जेबीवीएनएल ने बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और बहाली के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. जानिए क्या हैं व्यवस्थाएं.
रांची: अकवान तूफान के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने तैयारियां तेज कर दी हैं. ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी सह जेबीवीएनएल के एमडी के श्रीनिवासन ने सभी बिजलीकर्मियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है.
अधिकारियों को 33 केवी और 11 केवी फीडरों तथा ट्रांसफार्मरों की नियमित निगरानी करने और खराबी आने पर तत्काल मरम्मत करने को कहा गया है. बिजली बहाली के लिए अतिरिक्त वाहन, मानवबल और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है. पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है.
सबस्टेशनों में रहकर निगरानी करेंगे इंजीनियर
आंधी-तूफान के दौरान बिजली आपूर्ति की निगरानी के लिए सहायक विद्युत अभियंताओं और कनीय विद्युत अभियंताओं को अपने क्षेत्र के सबस्टेशनों में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को फील्ड में आने वाली समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने और बिजली बहाली के काम में तेजी लाने को कहा गया है.
सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल पर जोर
निगम ने मरम्मत कार्य में लगे बिजलीकर्मियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है. ब्रेकडाउन ठीक करने के दौरान सभी कर्मियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है.
बिजली संबंधी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर: 1912, 18003456570, 9031110121, 9431135504, 0651-2710002 और 9431135503.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए