ePaper

रांची में युवक ने अपनी ममेरी बहन की हत्या कर काट ली अपनी जीभ, आरोपी गिरफ्तार

Updated at : 07 Sep 2023 9:10 AM (IST)
विज्ञापन
रांची में युवक ने अपनी ममेरी बहन की हत्या कर काट ली अपनी जीभ, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया. नाबालिग तोरपा के बिरता गांव की रहनेवाली थी.

विज्ञापन

रांची के लापुंग थाना क्षेत्र के मालगो गांव के कोड़हाटोली निवासी विनोद साहू उर्फ बीनू साहू (31 वर्ष) ने अपनी 13 वर्षीय ममेरी बहन की गला दबा कर हत्या कर दी. वारदात को हमले का रूप देने के लिए उसने हसुआ से खुद की जीभ काट ली. घटना पांच सितंबर की देर रात करीब एक बजे की है. शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह किया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी नाबालिग बहन की हत्या कर दी.

हालांकि, पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया. नाबालिग तोरपा के बिरता गांव की रहनेवाली थी. उसकी मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए लापुंग थाना की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह है मामला :

बताया जाता है कि बीनू साहू मंगलवार को तोरपा स्थित अपने मामा का घर गया था. घर में खाना बनाने की बात कह वह अपनी नाबालिग ममेरी बहन को बाइक पर बैठाया अपने साथ मलगो ले आया. देर रात वह नाबालिग को लेकर अपने दूसरे घर में सोने चला गया. वहीं, किसी बात पर आवेश में आकर उसने गला दबा कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद हसुआ से अपनी जीभ काट ली.

इसके बाद उसने अपने पड़ोसी को जानकारी दी कि अज्ञात अपराधियों ने उसकी ममेरी बहन की हत्या कर दी और उसकी जीभ काट दी. पड़ोसी से ही उसने 108 एंबुलेंस को कॉल करवाया, साथ ही लापुंग थाना को सूचना भी देने को कहा. सूचना पाकर रात में ही थाना प्रभारी सुकुमार हेंब्रोम मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.

परिजनों और ग्रामीणों ने नाबालिग से दुष्कर्म की आशंका जतायी

घटना की सूचना मिलते ही नाबालिग लड़की के परिजन भी लापुंग थाना पहुंच गया. परिजनों का आरोप था कि दुष्कर्म के बाद उनकी बेटी की हत्या की गयी है. वहीं, ग्रामीण भी नाबालिग की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किये जाने की आशंका जता रहे थे. समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लेने की बात कही गयी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

नाबालिग के शव का पोस्टमार्टम करनेवाले डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है. किसी बात पर आवेश में आकर बीनू साहू ने अपनी ममेरी बहन की हत्या कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है.

– रजत बाखला, डीएसपी, बेड़ो

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola