ePaper

Coronavirus Outbreak: रांची में कोरोना की दस्तक के बाद प्रशासन अलर्ट, कैसे बचना है, पढ़ें यह खबर

Updated at : 31 Mar 2020 11:14 PM (IST)
विज्ञापन
Coronavirus Outbreak: रांची में कोरोना की दस्तक के बाद प्रशासन अलर्ट, कैसे बचना है, पढ़ें यह खबर

झारखंड में कोरोना से संक्रमित पहला मरीज रांची में पाये जाने के बाद उपायुक्त रांची राय महिमापत रे और वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता और सदर अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश मिश्र ने लोगों से लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करने की अपील की. राजधानीवासियों से कहा कि डरे नहीं, सतर्क रहें, घर में रहें, सुरक्षित रहें.

विज्ञापन

रांची : झारखंड में कोरोना से संक्रमित पहला मरीज रांची में पाये जाने के बाद उपायुक्त रांची राय महिमापत रे और वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता और सदर अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश मिश्र ने लोगों से लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करने की अपील की. राजधानीवासियों से कहा कि डरे नहीं, सतर्क रहें, घर में रहें, सुरक्षित रहें. संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त ने मरीज के बारे में विस्तार से जानकारी दी. लोगों को अफवाह से बचने की सलाह दी गयी. कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किये गये.

उपायुक्त ने बताया कि मंगलवार की दोपहर 3:30 बजे झारखंड में कोरोनावायरस के पहले मामले की पुष्टि की गयी. उन्होंने बताया कि यह मलेशियन महिला 16 मार्च की शाम को राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली से रांची आयी थी और 17 मार्च को रांची पहुंची थी. महिला ने राजधानी एक्सप्रेस के B1 कोच में ट्रेवल किया था. उन्होंने बताया संक्रमित महिला ए सिमटोपोटिक है, स्क्रीनिंग से संक्रमण की जानकारी नहीं मिल सकती थी. जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा इस महिला को क्वारेंटाइन फैसिलिटी में रखा गया. महिला की जांच करायी गयी जिसके बाद यह महिला कोरोना से संक्रमित पायी गयी.

राजधानी एक्सप्रेस के B1 में सफर किया है तो खुद दें जानकारी

श्री रे ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने B1 कोच में ट्रेवल किया, वह खुद सामने आये और अपनी जानकारी जिला प्रशासन को दें. जिन लोगों ने B1 कोच में या आसपास के कोच में होते हुए टॉयलेट आदि का इस्तेमाल किया वह एहतियातन अपनी जांच कराएं. ऐसे व्यक्ति 1950 या उपायुक्त के मोबाइल नंबर पर जानकारी दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा यात्रियों की लिस्ट मांगी गयी है, अगर लोग खुद सामने आते हैं तो 6 से 8 घंटे का वक्त बचेगा. आपको बता दें कि रेलवे ने राजधानी एक्सप्रेस से रांची आने वाले पैसेंजरों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है और साथ उस दिन ट्रेन में जो टीटी और स्टाफ थे, उनकी भी सूची निकाली जा रही है.

सोशल मीडिया पर अफवाह ना फैलाएं

उपायुक्त रांची ने बताया जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है. सोशल मीडिया के अफवाहों पर ना जाएं. जिला प्रशासन द्वारा वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए पूरे प्रयास किये जा रहे हैं. 20 से ज्यादा टीमें स्क्रीनिंग में लगी है. हिंदपीढ़ी में होम स्क्रीनिंग की जायेगी और उसके बाद उस इलाके से आउटवार्ड स्क्रीनिंग की जानी है.

संक्रमित महिला के संपर्क में आने वालों की होगी जांच

उपायुक्त ने बताया कि संक्रमित महिला के संपर्क में आने वालों की जांच करायी जायेगी. जो लोग महिला के संपर्क में आये हैं, जिला प्रशासन का सहयोग करते हुए खुद निकलकर सामने आ जाएं, लिस्ट बनाकर उनकी जांच करायी जायेगी.

हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में कर्फ्यू

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त रांची ने बताया कि वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है. किसी को आवश्यक वस्तुओं की जरूरत है तो वह हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकता है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त राय महिमापत रे ने मीडिया का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि मीडिया का रोल सराहनीय रहा है, पुष्टि होने के बाद ही किसी तथ्य को प्रकाशित या प्रसारित किया गया, यह अहम पहलू है. उन्होंने मीडियाकर्मियों से अपनी सुरक्षा पर भी ध्यान देने की अपील की.

सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने पर कानूनी कार्रवाई : एसएसपी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता ने बताया कि वायरस के संक्रमण से रोकथाम सामाजिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि वायरस का संक्रमण जाति, धर्म, लिंग देख कर नहीं आता. जो लोग सोशल मीडिया पर अफवाह फैला रहे हैं, सामाजिक कटुता फैला रहे हैं उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

हिंदपीढ़ी के मस्जिद से विदेशी नागरिकों मिलने के मामले में उन्होंने कहा कि फॉरेन एक्ट और वीजा रूल्स के तहत उन पर कार्रवाई की जायेगी. लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए यह बेहद जरूरी है, लोग इसे गंभीरता से लें, जो लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

किसी भी सहायता के लिए हेल्प लाइन नंबरों पर करें फोन

जिला कंट्रोल रूम – 1950

हेल्पलाइन नंबर – 1075, 181

टोल फ्री चिकित्सकीय सलाह – 104

टोल फ्री एंबुलेंस सेवा – 108

अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर – 11-23978046

DPM – 9431103012

Dist. Epidemiologist – 0651-221561, 7903782859

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola