CA Foundation Result 2026: रांची के 620 परीक्षार्थियों में 89 पास, अंकुश दुबे बने टॉपर
लोयोला कॉन्वेंट की दो छात्राओं ने बढ़ाया मान
सीए फाउंडेशन रिजल्ट 2026 घोषित हो गया है. राष्ट्रीय स्तर पर कनिष्का और महक टॉपर बनीं, जबकि रांची से अंकुश दुबे ने टॉप किया. जानें सफल परीक्षार्थियों के बारे में.
CA Foundation Result 2026. दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की ओर से सितंबर 2026 में आयोजित सीए फाउंडेशन परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है. देशभर के 580 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 1,04,240 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 18.93 फ़ीसदी सफल रहे. रांची परीक्षा केंद्र से कुल 620 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें 89 ने सफलता हासिल की है.
राष्ट्रीय स्तर पर कनिष्का और महक संयुक्त टॉपर
अखिल भारतीय स्तर पर हिसार की कनिष्का और हैदराबाद की महक गुप्ता ने 400 में से 361 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया. उनकी यह शानदार उपलब्धि उनकी अथक मेहनत का प्रमाण है. वहीं, अजमेर के स्पर्श खंडेलवाल और चेन्नई के जे जयानाथ ने 359 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया. ग्वालियर की वैभवी सिंघल 358 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
रांची में अंकुश दुबे बने टॉपर
रांची परीक्षा केंद्र से सफल 89 परीक्षार्थियों में अंकुश दुबे ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. उन्होंने 315 अंक प्राप्त कर केंद्र में पहला स्थान हासिल किया. वहीं, हर्ष राज ने 313 अंकों के साथ दूसरा और पीयूष कुमार छेत्री ने 292 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया. इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष सीए अनीश जैन, उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार और कोषाध्यक्ष सीए हरेंद्र भारती ने सफल परीक्षार्थियों को बधाई दी.
लोयोला कॉन्वेंट की दो छात्राओं ने पहले प्रयास में पास की परीक्षा
रांची के लोयोला कॉन्वेंट स्कूल की छात्राएं विधि विजय वर्मा और अन्या विजयवर्गीय ने सीए फाउंडेशन परीक्षा 2026 पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर स्कूल का गौरव बढ़ाया है. विद्यालय प्रबंधन ने दोनों छात्राओं की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
सीए इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए दी शुभकामनाएं
सीए अभिषेक केडिया, सीए भुवनेश ठाकुर और सीए निशांत मोदी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगामी सीए इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं. वहीं, आइसीएआइ के अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है.
ये भी पढ़ें: मंत्री-विधायक भी गुजरते हैं इस रास्ते से, फिर भी रांची में 2 साल से सड़क बेहाल!
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए


