ePaper

रांची : तैयारियों को लेकर सीएस ने दिये निर्देश, हर स्तर पर आपसी समन्वय सुनिश्चित हो

Updated at : 28 Dec 2019 8:20 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : तैयारियों को लेकर सीएस ने दिये निर्देश, हर स्तर पर आपसी समन्वय सुनिश्चित हो

रांची : 29 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री और मंत्रीगण के शपथ समारोह के आयोजन को लेकर मुख्य सचिव डॉ डी के तिवारी ने अधिकारियों के साथ झारखंड मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक कर कई निर्देश दिये. उन्होंने समारोह के पहले और उसके बाद तक की तैयारियों पर बिंदुवार निर्देश देते हुए हर […]

विज्ञापन
रांची : 29 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री और मंत्रीगण के शपथ समारोह के आयोजन को लेकर मुख्य सचिव डॉ डी के तिवारी ने अधिकारियों के साथ झारखंड मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक कर कई निर्देश दिये.
उन्होंने समारोह के पहले और उसके बाद तक की तैयारियों पर बिंदुवार निर्देश देते हुए हर स्तर पर समन्वय बनाने को कहा. उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि समारोह में शामिल होने वाले अति विशिष्ट अतिथियों को प्रोटोकॉल के अनुसार सारी सुविधाएं मिले. वहीं समारोह के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों और आमजनों की सुविधा पर भी फोकस रखने का निर्देश दिया.
बैठक में ये थे शामिल : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में विकास आयुक्त सुखदेव सिंह, डीजीपी कमल नयन चौबे, नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, एडीजी पीआरके नायडू, एडीजी अजय कुमार सिंह, आइजी नवीन कुमार सिंह, पीआरडी निदेशक राम लखन प्रसाद गुप्ता, रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे, एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
राजकीय अतिथियों के साथ संपर्क में रहेंगे पदाधिकारी
मुख्य सचिव ने शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करनेवाले राजकीय अतिथियों की आगवानी, उनके ठहरने, समारोह स्थल तक जाने से लेकर उनकी विदाई तक की जिम्मेदारी एक संपर्क अधिकारी को देने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि संपर्क अधिकारी पूर्व से चिह्नित राजकीय अतिथि से संपर्क में रहेंगे और रांची आने व यहां से लौटने तक उनकी सुविधा का ध्यान रखेंगे. वहीं दक्षिण भारत से आनेवाले अतिथियों को भाषाई दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए अंग्रेजी बोलने-समझने वाले अधिकारियों को उनके साथ जोड़ने को कहा. अतिथियों के ठहरने की जगह से लेकर समारोह स्थल और विदाई स्थल तक सुरक्षा के इंतजाम के निर्देश डीजीपी को दिये गये. डीजीपी ने कहा कि सुरक्षा की कमान आइजी नवीन कुमार सिंह संभालेंगे. अतिथियों के अवासन से लेकर समारोह स्थल तक पुलिस ड्राइ रन कर व्यवस्था को चाक-चौबंद बनायेगी.
कारकेड में रहेगा कार्डियक एंबुलेंस
अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्य सचिव डीके तिवारी ने समारोह में पधार रहे अति विशिष्ट अतिथियों के कारकेड में कार्डियक एंबुलेंस भी रखने का निर्देश दिया. वहीं एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क बनाने, समारोह स्थल पर कंट्रोल रूम बनाने, अग्निशमन वाहन की व्यवस्था रखने, पेयजल और शौचालय की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया. उन्होंने शहर की साफ-सफाई पर नगर निगम के प्रशासक को विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola